भाजपा प्रदेश कार्यालय पर प्रदेश मंत्री लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने मीडिया के समक्ष आगामी सात मई को होने वाले पंचायतराज और नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जैसलमेर के नाचना में पंचायत समिति के वार्ड का उपचुनाव को मंत्री साले मोहम्मद के दबाव में को रद्द करने की कोशिश की जा रही है।
बीजेपी प्रदेश मंत्री लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने कहा कि उपचुनाव को लेकर चार महीने पूर्व अधिसूचना जारी होने के बाद फॉर्म भरे गए, स्क्रूटनी के बाद चुनाव चिह्न तक आवंटित कर दिए गए, लेकिन कांग्रेस के स्थानीय नेताओं के दबाव में चुनाव को रद्द करने की कोशिश की जा रही है।
निर्वाचन आयोग पर सरकार के दबाव में काम करने का आरोप
प्रदेश मंत्री भारद्वाज ने आरोप लगाते हुए कहा कि दूसरी बार नाचना पंचायत समिति के वार्ड के चुनाव की घोषणा के बाद फॉर्म भरे गए, स्क्रूटनी के बाद चुनाव चिह्न तक आवंटित कर दिए गए, अब जब उपचुनाव में महज चार दिन शेष हैं, कांग्रेस के मंत्री सालेह मोहम्मद के दबाव में फिर से शिकायत कर चुनाव को स्थगित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में उन्होंने निर्वाचन आयोग पर सरकार के दबाव में काम करने का आरोप भी लगाया। साथ ही कहा कि कल जब निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से मिलने का समय मांगा तो समय नहीं दिया गया। इससे साफ स्पष्ट होता है कि कांग्रेस हार के डर से बौखलाई हुई है। भारद्वाज ने बताया कि सरकार के दबाव में लक्ष्मणगढ़ विधानसभा के नैछवा पंचायत समिति के दो वार्ड के भाजपा प्रत्याशी के नामांकन रद्द किए।