मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रदेश में बुधवार शाम आई भारी बारिश से जयपुर सहित कई जिलों में जबरदस्त जलभराव हो गया। जयपुर में सभी अंडरपास बंद करने पड़ गए। जलभराव के चलते ट्रैफिक ठप पड़ गया। इसके बाद शाम को ट्रैफिक पुलिस की तरफ से एडवाइजरी जारी की गई। एडवाइजरी में लोगों से जलभराव वाली जगहों पर न जाने की अपील की गई और आपदा की स्थिति में पुलिस से तुरंत संपर्क करने के लिए कहा गया।
नारायण सिंह सर्कल, माहरानी फार्म, गुर्जर की थड़ी पर जबरस्त जलभराव हो गया। रामबाग, नारायण सिंह सर्कल, माहरानी फार्म, गुर्जर की थड़ी और दुर्गापुरा में जलभराव के चलते वाहन बंद हो गए। गुर्जर की थड़ी और महारानी फार्म पर द्रव्यवति नदी का पानी सड़क के ऊपर से होकर बहने लगा, जिसके चलते दोनों तरफ ट्रैफिक रोकना पड़ गया।
एसएमएस स्टेडियम में भी पानी भरा, कल यहां राज्यस्तरीय समारोह
सवाई मान सिंह स्टेडियम में गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम होना है। लेकिन बुधवार को भारी बारिश के चलते पूरे स्टेडियम में पानी भर गया। हालांकि, देर शाम बारिश का दौर थम गया। पानी की निकासी के बंदोबस्त किए जा रहे हैं। ताकि कार्यक्रम पूरा हो सके। जलमहल का पानी भी सामने सड़क के ऊपर आ गया, जिससे यहां लो फ्लोर बस पानी में बंद हो गई। घंटे भर से ज्यादा समय के बाद पानी सड़क से नीचे उतरा, इसके बाद यहां ट्रैफिक शुरू हो पाया।
जयपुर, सीकर, चूरू और चित्तौड़ में बारिश
राजधानी जयपुर के अलावा सीकर, चूरू, पिलानी में भी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी राजस्थान में 17 अगस्त के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में अगले तीन से चार दिन भारी बारिश हो सकती है। बताते चलें, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पहुंचते ही लगातार जारी बरसात को देखते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया। अपने-अपने इलाके में चाकृ-चौबंद रहें, जहां जलभराव है, वहां पर मोटर से पानी निकालने की व्यवस्था करें। साथ ही अपने क्षेत्र में चौकस रहें, जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं आनी चाहिए। सभी तरह की हर संभव मदद करने के लिए तुरंत तैयार रहें।