Jaipur News: राजस्थान में त्योहारी सीजन से शुरू होने के साथ ही डेयरी उत्पादों की कीमतों में भी जोरदार इजाफा देखने को मिल रहा है।आमजन पर महंगाई का बोझ बढ़ाते हुए जयपुर जिला दुग्ध सहकारी संघ लिमिटेड (जयपुर डेयरी) ने एक बार फिर सरस ब्रांड के डेयरी उत्पादों के दाम बढ़ा दिए हैं। पहले घी और दूध के दाम बढ़ाने के बाद अब श्रीखंड, फ्लेवर मिल्क और कोल्ड कॉफी की कीमतें भी बढ़ा दी गई हैं। जयपुर डेयरी से मिली जानकारी के अनुसार, केसर-पिस्ता फ्लेवर वाले श्रीखंड (100 ग्राम) की कीमत ₹20 से बढ़ाकर ₹25 कर दी गई है। यानी अब उपभोक्ताओं को 5 रुपए ज्यादा चुकाने होंगे। इसी तरह अप्रैल 2025 में बाजार में लॉन्च किए गए फ्लेवर्ड मिल्क और कोल्ड कॉफी (200 एमएल कैन) की कीमत ₹30 से बढ़ाकर ₹40 कर दी गई है। डेयरी उत्पादों में यह 33% की सीधी बढ़ोतरी है।
यह भी पढें-
Rajasthan News: बारांं में 30 अक्टूबर तक के लिए धारा 144 लागू, कलेक्टर, एसपी ने निकाला फ्लैगमार्च, जानिए वजह
इससे पहले, जयपुर डेयरी ने सरस घी (1 लीटर पैक) पर 20 रुपए की बढ़ोतरी की थी और टोंड, स्टैंडर्ड और गोल्ड दूध की सभी किस्मों पर 2 प्रति लीटर रुपए दाम बढ़ाए थे। अब नए उत्पादों की कीमतें बढ़ने से त्योहारी सीजन में आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। उपभोक्ताओं का कहना है कि एक के बाद एक उत्पाद महंगे होने से महीने का बजट बिगड़ता जा रहा है। खासकर त्योहारों के समय जब डेयरी उत्पादों की खपत बढ़ती है, तब इनकी कीमतें बढ़ना आमजन के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। हालांकि जयपुर डेयरी ने अभी तक कीमतों में बढ़ोतरी का कोई औपचारिक कारण नहीं बताया है।