शनिवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित यानेर इलाके के एक रिसॉर्ट में हुए आतंकी हमले में जयपुर निवासी तबरेज खान और उनकी पत्नी फरहा खान घायल हो गए। आतंकियों द्वारा की गई फायरिंग में तबरेज खान को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी पत्नी फरहा के कंधे पर गोली लगी है। हमला उस समय हुआ जब यह दंपति 50 लोगों के एक ग्रुप के साथ बस में चढ़ रहे थे। दोनों को तुरंत अनंतनाग के जीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार तबरेज की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि फरहा की स्थिति स्थिर है।
जयपुर के ब्रह्मपुरी इलाके में रहने वाले तबरेज खान प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। चार दिन पहले यह दंपति अपने दो बच्चों को लेकर 50 लोगों के एक ग्रुप के साथ कश्मीर घूमने गए थे। हमले के समय उनके दोनों बच्चे भी उसी रिसॉर्ट में थे, हालांकि बच्चों की स्थिति के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
जयपुर के हवा महल क्षेत्र के विधायक बालमुकुंद आचार्य ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए तुरंत ही पीड़ित परिवार के घर जाकर सांत्वना दी। विधायक ने कलेक्टर से बात कर जल्द से जल्द परिवार के सदस्यों को अनंतनाग भेजने की व्यवस्था करने की मांग की है ताकि वे अपने घायल परिजनों के साथ रह सकें। इसके अलावा स्थानीय प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घायल दंपति की हर संभव मदद के निर्देश दिए
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में शनिवार शाम को आतंकी हमले में गोली लगने से घायल हुए जयपुर निवासी दंपती तबरेज और फराह की हर संभव मदद के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया। इस पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने घायल दंपती के परिजनों से फोन पर बातचीत कर मदद देने का आश्वासन दिया।
इस घटना ने कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि हमलावरों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और सेना ने इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
यह आतंकी हमला न केवल तबरेज और फरहा के परिवार के लिए बल्कि पूरे जयपुर शहर के लिए एक दुखद घटना है। हमले ने यह स्पष्ट कर दिया है कि कश्मीर घाटी में सुरक्षा की स्थिति अभी भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।