जयपुर में NEET की छात्रा ने बहुमंजिला इमारत से छलांग लगा आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 18 वर्षीय यति अग्रवाल के रूप में हुई है। वो यहां NEET की तैयारी कर रही थी। घटना से पहले मृतका ने एक सुसाइड नोट भी लिखा, जिसमें परिवार की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरने के लिए माफी भी मांगी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका की नोटबुक से सुसाइड नोट जब्त किया। उससे पता चला NEET परीक्षा में कम अंक आने की वजह से वो डिप्रेशन में थी। इस कारण से उसने ये कदम उठाया। घटना से एक दिन पहले ही छात्रा ने परिवार और दोस्तों के साथ बड़े उत्साह से अपना बर्थडे सेलिब्रेट भी किया था।
घटना जयपुर के विद्याधरनगर के द्वारका अपार्टमेंट की है। यहां अपने परिवार के साथ रहने वाली यति अग्रवाल ने बिल्डिंग की 5वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के वक़्त मृतक छात्रा के परिजन सो रहे थे। घटना के बाद छात्रा को लहूलुहान देख बिल्डिंग के अन्य लोगों ने पुलिस को सूचना दी। विद्याधरनगर थाना अधिकारी राकेश ख्यालिया मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कांवटिया अस्पताल की मोर्चारी में रखवाया है।
शास्त्रीनगर एसीपी भोपाल सिंह भाटी ने बताया कि गुरुवार को ही उसने अपना 18वां जन्मदिन परिवार और दोस्तों के साथ केक काटकर मनाया था, लेकिन शुक्रवार तड़के उसने अपनी बिल्डिंग की 5वीं इमारत से कूदकर सुसाइड कर लिया। पुलिस आगे की जांच पड़ताल में जुटी है।