प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि जिन लोगों ने कभी आमजन के दर्द को महसूस नहीं किया, वे जनता की पीड़ा को समझ ही नहीं सकते। उन्होंने गहलोत पर तंज कसते हुए कहा कि जाके पैर ना फटी बिवाई, वो क्या जाने पीर पराई।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि जो नेता हमेशा सत्ता और कुर्सी के मोह में उलझे रहे, उन्होंने आमजन के हितों को दरकिनार कर सिर्फ अपनी राजनीति चमकाने का काम किया। सीएम ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को आत्ममंथन करना चाहिए और खुद को आईने में देखकर यह विचार करना चाहिए कि उनके कार्यकाल में जनता के साथ कितना अन्याय और विश्वासघात हुआ।
ये भी पढ़ें: Alwar News: दहेज प्रताड़ना में विवाहिता को चलती गाड़ी से फेंका, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
मुख्यमंत्री ने तीखे लहजे में कहा कि यह देश की जागरूक जनता भली-भांति जानती है कि कुर्सी के लिए कुछ लोग किस हद तक गिर सकते हैं। अब ये बातें किसी से छुपी नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार का उद्देश्य जनसेवा है, न कि स्वार्थ की राजनीति। उन्होंने जनता से अपील की कि वे सच्चाई और ईमानदारी को पहचानें और ऐसे लोगों से सतर्क रहें जो सिर्फ दिखावे की राजनीति करते हैं।