चुनाव सर्वे कंपनी के विवाद का हुआ निपटारा
- फोटो : Social Media
राजस्थान में सीएम अशोक गहलोत का चुनाव कैंपेन संभाल रही सर्वे कंपनी डिजाइन बॉक्स्ड को लेकर छिड़ा विवाद अब शांत हो गया है। कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश कांग्रेस के कैंपेन की जिम्मेदारी भी अब डिजान बॉक्स्ड को ही दे दी है। अब तक प्रदेश कांग्रेस के कैंपेन और सर्वे का काम सुनील कोनूगुलू की कंपनी माइंड शेयर देख रही थी।
इसलिए उठा था विवाद
पिछले दिनों राजस्थान कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा और डिजाइन बॉक्स्ड के संचालक नरेश अरोड़ा के बीच कैंपेन को लेकर झगड़ा हो गया था | सूत्रों की मानें तो डोटासरा पार्टी के लिए सुझाए गए दो-तीन कैंपेन को लेकर सहमत नहीं थे, जिसको लेकर उनकी नरेश अरोड़ा से कहासुनी हो गई। इसकी शिकायत पार्टी हाईकमान तक की गई। इसके बाद डिजाइन बॉक्स्ड का काम पूरी तरह रोक दिया गया। कांग्रेस हाईकमान ने इसके बाद पवन खेड़ा को राजस्थान में मीडिया पर्यवेक्षक बनाकर भेजा।
गहलोत ने करवाई मध्यस्थता
यह आरोप लगाए गए कि डिजाइन बॉक्स्ड का कैंपेन पूरी तरह अशोक गहलोत पर सीमित कर दिया गया है, इसलिए कांग्रेस के नेता सहज महसूस नहीं कर रहे। जिन नेताओं के टिकट डिजाइन बॉक्स्ड के सर्वे में काटे गए, उन्होंने भी दिल्ली में जाकर इसकी शिकायत की। इस पूरे मामले के चलते राजस्थान में गहलोत का चुनावी कैंपेन ही ठप पड़ गया था। सोशल मीडिया पर कांग्रेस कैंपेन की रीच 3 करोड़ तक घट गई। वहीं ग्राउंड पर भी सबकुछ थमा हुआ था। इसलिए गहलोत ने पूरे मामले की मध्यस्थता करवाकर विवाद को शांत करवाया। इसके बाद हाई कमान ने अब डिजाइन बॉक्स्ड को कांग्रेस के कैंपेन की भी जिम्मेदारी दे दी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इसके लिए आधिकारिक पत्र भी जारी कर दिया।