राजस्थान विधानसभा चुनाव (Rajasthan Election 2023) में ईडी (ED) की धमाकेदार एंट्री के बाद गुरुवार को सियासी पारा हाई रहा। सीएम अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को भी ईडी ने समन भेजकर शुक्रवार को पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया था। इस पर वैभव ने इस समय-सीमा को कम बताते हुए ईडी से समक्ष 30 अक्टूबर को पेश होने का आवेदन किया है। सीएम अशोक गहलोत ने वैभव पर लगे सभी आरोपों को झूठा बताया था। उन्होंने कहा था कि सिर्फ खबरों में लाने के लिए ईडी सर्च होती है, चुनाव बाद ये नजर नहीं आएंगे।
12 साल पुराने झूठे आरोपों को उठाया
वैभव गहलोत बोले मुझे पेश होने के लिए 24 घंटों का समय भी नहीं दिया गया। 12 साल पुराने झूठे आरोपों को उठाया। वह भी चुनावों की तारीख एलान होने के बाद। वैभव को फेमा मामले में पूछताछ का नोटिस दिया गया है। इधर, सीएम अशोक गहलोत कह चुके हैं कि वैभव का कोई इंटरनेशनल बिजनेस है ही नहीं।
डोटासरा बोले मुझसे एफिडेविट लिया है
ईडी अचानक घर पाई और मुझे खड़े-खड़े कहा कि हम ईडी से हैं, आपके घर की सर्च करनी है। जो पांच-दस लोग यहां थे उन्हें रोक लिया। हमारे मोबाइल जब्त कर लिए। मेरे छोटे बेटे, आरएएस अफसर अभिलाष से बयान लिए। मेरा और मेरे दोनों बेटों के मोबाइल और ई-मेल लेकर गए हैं। मुझसे एफेडेविट लिया है कि मैं अपने ई-मेल डिलीट नहीं करूंगा। हमसे पूछा गया कि कलाम कोचिंग से हमारा क्या संबंध है। पेपर लीक का एक भी सवाल हमसे नहीं पूछा गया।
रंधावा बोले पेपर नहीं अब बीजेपी लीक होगी
पेपर लीक तो नहीं हुआ, आज के बाद बीजेपी लीक हो जाएगी। मैं पंजाब का जट हूं और मेरे साथ राजस्थान का जाट खड़ा है। उन्होंने शेर के मुंह में हाथ डाला है। मैं आप से वादा लेना चाहता हूं। डोटासरा जी मेरे साथ पूरे राजस्थान का चुनाव लड़ेंगे। जो मेरे सामने खड़े हैं वो एक-एक आदमी गोविंद सिंह डोटासरा बनेगा।
हुडला ने कहा वोट से करेंगे इलाज
हुडला ने कहा कोई चिंता नहीं, इसका इलाज वोट से करेंगे। इस मां का आशीर्वाद लेकर आपके बीच आ रहा हूं या तो मुझे जीत देना या मौत। इस 80 साल की बूढ़ी औरत पर ईडी की रेड करवाकर किरोड़ी मीणा साहब आपने पाप किया है। भगवान आपको कभी माफ नहीं करेगा। इस मां का आशीर्वाद लेकर आ रहा हूं, हिम्मत है तो लड़कर दिखा देना।