अनुसूचित जाति व जनजाति के आरक्षण में क्रीमीलेयर सिस्टम लागू करने की सुप्रीम कोर्ट सलाह के खिलाफ देश भर के विभिन्न संगठनों ने बुधवार को 'भारत बंद' किया। कई जगहों पर बंद के नाम पर मारपीट की घटनाएं भी देखने को मिली। जोधपुर में बंद के दौरान कुछ लोगों ने पकौड़े की एक खुली रेड़ी को खुला देख उलट दिया। इससे खौलता तेल रेड़ी वाले पर गिर गया और वह बुरी तरह झुलस गया। वहीं, बीकानेर में भी दो गुटों में झड़प हो गई।
ओबीसी की तरह एससी-एसटी आरक्षण में भी क्रीमीलेयर सिस्टम लागू करने की सुप्रीम कोर्ट की सलाह के विरोध में विभिन्न संगठनों की ओर से बुधवार को 'भारत बंद' रहा। राजस्थान में बंद का मिला-जुला असर रहा। सबसे ज्यादा प्रभाव राजधानी जयपुर में देखने को मिला। यहां ज्यादातर बाजार बंद रहे। इसके अलावा शहर में चलने वाली जेसीटीएसएल की बंसे भी आज डिपो पर ही खड़ी रहीं। राजस्थान रोडवेज का संचालन भी बंद रहा। जो यात्री सफर के लिए बस स्टैंड पहुंचे थे, उन्हें मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। बंद के दौरान भी कुछ जगहों पर निजी वाहन सड़कों पर चलते नजर आए। शैक्षिणक संस्थान आज पूरी तरह बंद रहे। हालांकि, कुछ जगहों पर बंद के नाम पर मारपीट की घटना भी सामने आई।
जोधपुर में व्यापारी पर डाला खौलता तेल
जोधपुर में बंद के दौरान कुछ लोगों ने पकौड़े की एक खुली रेड़ी को खुल देख उलट दिया। इससे खौलता तेल रेड़ी वाले पर गिर गया और वह बुरी तरह झुलस गया। उसकी दुकान का सारा सामान भी सड़क पर फैल गया। वहीं, जोधपुर से ही बंद के विरोध का एक और वीडियो सामने आया। इसमें एक व्यापारी ने अपनी दुकान बंद करने से मना कर दिया। पुलिस कर्मी ने उसे समझाने का प्रयास किया कि कुछ घंटों के लिए वह दुकान बंद कर ले। लेकिन व्यापारियों ने यह कहते हुए इनकार कर दिया कि सरकार उन्हें घर खर्च का पैसा देती है तो ही दुकान बंद करेंगे।
बीकानेर में बंद को लेकर दो गुट भिड़े
भारत बंद के दौरान बीकानेर में हुए झड़प का वीडियो भी सामने आया। इसमें बाजार बंद करवाने आए युवकों की स्थानीय लोगों से झड़प हो गई। मामला बीकानेर के बज्जू बाजार का बताया जा रहा है।
पुलिस का भारी जाब्ता, आरएएफ भी तैनात रहीं
बंद के दौरान विभिन्न संगठनों की तरफ से शहर में रैली भी निकाली गई। इस दौरान शहर में पुलिस के जाब्ते के साथ रेपिड एक्शन फोर्स की भी भारी तैनाती रही। बंद को सफल बनाने के लिए जयपुर में 25 टीमें बनाई गई थी। इन टीमों अपने-अपने इलाके में टोलियों में रैली निकाली और बाजारों को बंद करवाया। बंद के समर्थन में बड़ी रैली रामनिवास बाग से शुरू हुई, जो चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, सांगानेरी गेट, एमआई रोड होते हुए रामनिवास बाग में आकर खत्म हुई।
स्कूल-कॉलेज बंद
जयपुर, अलवर, दौसा, सवाई माधोपुर, डीग, जैसलमेर और भरतपुर में स्कूल-कॉलेजों के साथ समस्त शैक्षणिक संस्थाओं में छुट्टी की घोषणा कर दी गई थी, जिससे आज स्कूल-कॉलेज और कोचिंग संस्थान बंद रहे। कोटा में निजी स्कूल संचालकों ने स्कूल बंद रखने का एलान किया था, जिससे वे भी बंद नजर आए। कोटा यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। भरतपुर में संभागीय आयुक्त सांवरमल वर्मा ने सुबह नौ से शाम छह बजे तक इंटरनेट बंद कर दिया। किसी भी तनाव से बचने के लिए पुलिस को सभी जिलों में तैनाती है।
डीजीपी बोले- दो, तीन घटनाओं को छोड़ बंद शांतिपूर्ण
राजस्थान में भारत बंद को लेकर डीजीपी यूआर साहू ने कहा कि राजस्थान में दो-तीन घटनाओं को छोड़कर बंद शांतिपूर्ण रहा है। दो-तीन जगह से सूचना मिली है कि बंद के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की गई। इस संबंध में शिकायत के आधार और अनुसंधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान में राज्य सरकार के निर्देशों पर पुलिस डिपार्टमेंट ने पहले से ही तैयारी कर रखी थी।