राजस्थान समेत चुनावी राज्यों के विधानसभा चुनाव पर आज हैदराबाद में कांग्रेस की शीर्ष लीडरशिप मंथन करेगी। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा हैदराबाद में हैं। वे कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में लेंगे हिस्सा। गहलोत जयपुर से मुंबई के रास्ते हैदराबाद पहुंचे।
राजस्थान से अन्य कई नेता भी कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। सचिन पायलट, भंवर जितेंद्र सिंह, महेंद्रजीत सिंह मालवीय, मोहन प्रकाश , हरीश चौधरी भी कांग्रेस वर्किंग कमेटी सदस्य हैं। हैदराबाद में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक के बाद 17 सितंबर को कांग्रेस एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेगी। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश के मुताबिक सीएडब्ल्यूसी की बैठक में कई चरणों में अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा होगी। विधानसभा चुनाव वाले राज्यों और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों की स्ट्रेटजी पर बैठक में चर्चा होगी। विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन और नेताओं के विवादित बयानों से पार्टी को होने वाले नुकसान और उस पर लगाम लगाने पर भी चर्चा होगी।
5 राज्यों में विधानसभा चुनावों की तैयारी
17 सितंबर को तेलंगाना दिवस है। इस वजह से कांग्रेस ने इस दिन प्रेस वार्ता के लिए चुना है। कांग्रेस का आरोप है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और तेलंगाना सरकार दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। 20 अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने CWC घोषित की थी। इसके बाद यह कमेटी की पहली बैठक है। नवंबर में पांच राज्यों- राजस्थान, मध्य प्रदेश, छ्त्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव हैं। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस, मध्य प्रदेश में बीजेपी, तेलंगाना में बीआरएस और मिजोरम में मिजो नेशनल फ्रंट-भाजपा की सरकारें हैं। कांग्रेस राजस्थान-छत्तीसगढ़ में सत्ता रिपीट करने और अन्य राज्यों में भी सत्ता हासिल करने पर फोकस करेगी। राजस्थान की गहलोत सरकार की जनहित योजनाओं को आगे बढ़कर कांग्रेस चुनाव लड़ना चाह रही है।