पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ महेंद्रजीत मालवीय और कांग्रेस में शामिल होने आए BAP कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान में आगामी पंचायत और निकाय चुनावों से पहले कांग्रेस को बड़ी राजनीतिक बढ़त मिलने जा रही है। पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय के नेतृत्व में भारत आदिवासी पार्टी के 309 कार्यकर्ता गुरुवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। इसे आदिवासी बहुल क्षेत्रों में कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार सभी कार्यकर्ता गुरुवार सुबह जयपुर स्थित सिविल लाइंस में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने गहलोत से मुलाकात कर कांग्रेस में शामिल होने की इच्छा जताई।
ये भी पढ़ें: खुशखबरी: राजस्थान बना देश का पहला राज्य, रेयर अर्थ एलिमेंट्स के लिए एक्सप्लोरेशन लाइसेंस पर अमल शुरू
इस घटनाक्रम को आगामी पंचायत और निकाय चुनावों से पहले कांग्रेस के लिए बड़ी राजनीतिक मजबूती के रूप में देखा जा रहा है, खासकर आदिवासी क्षेत्रों में इसका असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि सिविल लाइंस स्थित उनके आवास पर पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय के साथ आए आदिवासी समाज के प्रतिनिधिमंडल से आत्मीय संवाद हुआ।
गहलोत ने कहा कि कांग्रेस और आदिवासी समाज का रिश्ता आजादी की लड़ाई से लेकर आज तक बेहद मजबूत और आत्मीय रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान वनाधिकार अधिनियम का प्रभावी क्रियान्वयन, आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार तथा टीएसपी क्षेत्र के बजट में लगातार वृद्धि इस संबंध का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा आदिवासी समाज के अधिकार, सम्मान और विकास के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ यह लड़ाई जारी रखेगी।