प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अभ्यास में शामिल होना था।
- फोटो : Social Media
भारतीय वायुसेना ने जैसलमेर में सात मार्च को होने वाला वायु शक्ति अभ्यास को स्थगित कर दिया है। अभ्यास की नई तारीख की घोषणा अभी नहीं की गई है। अचानक से अभ्यास स्थगित क्यों किया गया इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। इस अभ्यास में राफेल विमान सहित 148 विमानों को भाग लेना था।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सहित कई बड़े नेता और वायुसेना के अधिकारी भी शामिल होने वाले थे। अभ्यास की तैयारियों के लिए शुक्रवार को पोखरण रेंज में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन भी किया गया था।
पहली बार शामिल हाेने वाला था राफेल
सात मार्च को होने वाले वायु शक्ति अभ्यास में पहली बार राफेल विमान भी भाग लेने वाला था। अभ्यास में कुल 148 विमान शामिल होने थे, इनमें 109 लड़ाकू विमान थे। वायु सेना का अपाचे, चिनूक, एमआई 17वी5, एमआई 35, एएलएच एमकेआईवी, एलसीएच और आअएफ जैसे के हेलीकॉप्टर भी पोखरण में अपना दम दिखाने के लिए तैयार थे। अभ्यास कार्यक्रम सात मार्च सुबह 10.30 बजे शुरू होना था।
हर तीन साल में होता है वायु शक्ति अभ्यास
भारतीय वायुसेना हर तीन साल में वायु शक्ति अभ्यास का आयोजन करती है। इससे पहले यह आयोजन 2019 में हुआ था। सात को अभ्यास को लेकर तैयारी की जा रही थी, लेकिन शुक्रवार को इसे स्थगित कर दिया गया है।