पाली जिले में अजीब तरह की घटना सामने आई। यहां एक व्यक्ति ने अपने बच्चे को बुरी नजर से बचाने के लिए पैंथर का सिर ही काट दिया ताकि उसके दांत का लॉकेट बनाकर अपने पुत्र को पहना सके। ये मामला पाली जिले के सेंदड़ा थाना क्षेत्र का है, जहां अंधविश्वास के चलते एक व्यक्ति ने अपने बच्चों को बुरी नजर से बचाने के लिए उसके गले में पैंथर का दांत पहनाने के लिए पैंथर का सिर ही धड़ से अलग कर दिया।
पैंथर का सिर किया बरामद
दरअसल वन विभाग को सेंदड़ा क्षेत्र के अमरपुरा गांव में किसी व्यक्ति द्वारा मृत मादा पैंथर का सिर काटकर ले जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर वन विभाग की टीम अमरपुरा पहुंची और आरोपी के कब्जे से मादा पैंथर का सिर बरामद किया।
बच्चे को बुरी नजर से बचाने के लिए किया अपराध
पुलिस द्वारा आरोपी से की गई पूछताछ में सामने आया कि धोलिया गांव निवासी मोहन सिंह पुत्र बालू सिंह रावत (57 वर्ष) पैंथर के दांत को अपने बच्चे के गले में पहनना चाहता था। इसके लिए उसने मृत मादा पैंथर के मुंह में से दांत तोड़ने की कोशिश की पर वह दांत तोड़ नहीं पाया। मृत पैंथर में से दुर्गंध भी आ रही थी, जिसके चलते उसने पैंथर के दांत के लिए उसका सिर ही अलग कर दिया और प्लास्टिक के कट्टे में डालकर अपने साथ ले गया।
पैंथर का किया अंतिम संस्कार
यह जानकारी वन विभाग को मिलने पर विभाग की टीम ने धोलिया गांव निवासी मोहन सिंह रावत (57) को गिरफ्तार कर लिया और सोमवार को मृत मादा पैंथर का अंतिम संस्कार किया।
वन विभाग अधिकारी आनंद सिंह बारहट के अनुसाए सेंदड़ा क्षेत्र के अमरपुरा गांव में मादा पैंथर का सिर काटकर ले जाने की सूचना मिलने पर पर वन विभाग की टीम अमरपुरा पहुंची और आरोपी के कब्जे से पैंथर के सिर को बरामद कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ करने के बाद मृत पैंथर को कब्जे में लिया गया।
दांत नहीं टूटे तो काट दिया सिर
विभाग की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पैंथर के दांतों को बच्चे के गले में पहनाना चाहता था, ताकि उसे किसी की बुरी नजर नहीं लगे। इसके लिए उसने पैंथर के मुंह में दांत तोड़ने की काफी कोशिश की पर जब वह इसमें सफल नहीं हुआ तो उसने पैंथर का सिर ही धड़ से अलग कर दिया।
वन विभाग में संविदा पर कार्य कर चुका है आरोपी
मृत पैंथर की सिर काटने का आरोपी मोहन सिंह वन विभाग में पांच वर्ष तक संविदा पर भी कार्य कर चुका है, जिसके कब्जे से वन विभाग की टीम ने पैंथर का सिर बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।