अस्पताल में भर्ती पीड़ित हरकेश।
- फोटो : Amar Ujala Digital
दौसा में सिकराय के नांदरी गांव में एक किसान युवक से खेत में बिजली आपूर्ति की एवज में पांच हजार की रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। इसके बाद युवक ने बिजली कर्मी के सामने कीटनाशक पीकर आत्महत्या का प्रयास किया। हादसे के बाद हरकेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे दौसा रेफर कर दिया। हरकेश की हालत स्थिर बताई जा रही है।
परिजनों का आरोप है कि हरकेश जमीन किराए पर लेकर खेती करता है। फसल सूखने के बाद हरकेश गांव के जीएसएस पर पहुंचा और बिजली कर्मी से फसल सूखने की बात कहकर बिजली सप्लाई देने की बात कही। परिजनों का आरोप है कि इस पर बिजली कर्मी ने बिजली देने की एवज में हरकेश से पांच हजार रुपये मांगे। इसके बाद हरकेश वहां से गुस्सा कर चला आया। कुछ देर बाद वह कीटनाशक लेकर जीएसएस पर गया और विद्युत कर्मी के सामने कीटनाशक पीकर अपनी जान देने का प्रयास किया। हरकेश के परिजनों के अनुसार हरकेश कीटनाशक खाने के बाद जीएसएस पर बेहोश मिला। बिजली कर्मी वहां से भाग गया। परिजन उसको अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे दौसा रेफर कर दिया गया। हरकेश की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।