झालावाड़ के पिड़ावा में एक विवाहिता ने अपने पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला दर्ज करवाया है। विवाहिता का आरोप है कि एक दिन उसके पति ने उसके गले में फंदा डालकर मारने की कोशिश की लेकिन उसकी नींद खुल गई। उसने वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार हाल मुकाम पावखेड़ी निवासी विवाहिता ने पुलिस को रिपोर्ट दी। जिसमें उसने बताया कि उसकी शादी सरोनिया गांव के कन्हैयालाल मेघवाल (45) से करीब 13 साल पहले हुई थी। शादी के दौरान दहेज में विवाहिता के पिता ने पीतल के कई बर्तन, 250 ग्राम चांदी के पायजेब, 250 ग्राम चांदी की चूड़ी, 400 ग्राम चांदी का कंदोरा सहित अन्य सामान दिए थे। विवाहिता ने बताया कि दहेज के लालच में उसके लाए गए सारे सामान को ससुराल वालों ने बेच दिए।
पति ने की मारने की कोशिश
विवाहिता ने बताया कि पति उसे आए दिन शराब पीकर मारपीट करता है। उसका पति उस पर पिता से एक लाख रुपये मांगने का दबाव बना रहा है। इसके साथ ही उसके ससुर और सास भी उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते हैं। 20 मार्च 2022 की रात उसके पति कन्हैयालाल ने रस्सी डालकर फंदा लगाकर मारने की कोशिश की लेकिन उसकी नींद खुल गई। विवाहिता ने भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने आरोपी पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।