राजस्थान के धौलपुर जिले में मंगलवार सुबह एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। युवक सोमवार रात को पत्नी के साथ सोया था। सुबह उठकर उसकी पत्नी घर के कामों में लग गई, लेकिन वह नहीं उठा। काफी देर इंतजार करने के बाद परिजनों ने उसे उठाने की कोशिश की तो वह बेहोशी की हालत में मिला।
परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। अचानक युवक की मौत से परिवार वाले हैरान हैं। उधर, पुलिस ने शव का पीएम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब तक की जांच में सामने आया है कि युवक ने रात को यौन वर्धक दवा खाई थी। आशंका है कि उसके दुष्प्रभाव से युवक की मौत हो गई हो।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मामला शहर के रूपसपुर गांव का है। गांव का रहने वाला युवक रात को खाना पीना खाने के बाद अपने कमरे में सोया था। उसके साथ उसकी पत्नी भी मौजूद थी। सुबह जल्दी उठकर पत्नी घर के कामों में लग गई, लेकिन काफी देर तक युवक नहीं उठा। परिजन कमरे में पहुंचे तो युवक अर्द्धनग्न अवस्था में सो रहा था। उन्होंने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं उठा। जिसके बाद बेहोशी की हालत में परिजन उसे बाड़ी के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर शव का पीएम करवाया और मामले की जांच शुरू की। मृतक के परिजनों ने बताया कि युवक को किसी तरह की बीमारी नहीं थी। वह पूरी तरह से स्वस्थ्य था, अचानक उसकी मौत कैसे हो गई, इसे लेकर वह भी हैरान हैं। हालांकि युवक के रात को यौन वर्धक दवा का सेवन करने की बात सामने आई है। जिससे उसकी मौत होने का अंदेशा लगाया जा रहा है। वहीं, पुलिस का कहना है कि शव का पीएम करा लिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।