हनुमानगढ़ जंक्शन में संगरिया रोड स्थित कन्या स्कूल के नजदीक गुरुवार को एक कार बेकाबू होकर आगे खड़ी बस से टकरा गई। हादसे में कार ड्राइवर की मौत हो गई। जंक्शन पुलिस ने शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में मृतक का पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
इससे पहले गुरुवार रात को हादसे के संबंध में जंक्शन पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार तोलाराम पुत्र बंसतलाल नायक निवासी वार्ड 6, गांव मक्कासर ने रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि उसका भाई बिशनलाल (52) गुरुवार शाम करीब पांच बजे कार में सवार होकर जंक्शन के शहीद भगतसिंह चौक से चूना फाटक की तरफ जा रहा था।
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल के पास अचानक दिल का दौरा पड़ने के कारण उसके भाई बिशनलाल का कार पर नियंत्रण नहीं रहा। कार बेकाबू होकर सड़क पर खड़ी बस से टकरा गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने उसे राजकीय जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रकरण की जांच एएसआई शिवनारायण कर रहे हैं।