बुधवार रात को हालात हो गए थे तनावपूर्ण।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के हनुमानगढ़ में बुधवार रात विश्व हिंदू परिषद के एक नेता पर हमले के बाद माहौल तनावपूर्ण है। प्रशासन ने जिले के नोहर, भादरा, रावतसर में इंटरनेट सेवा बंद कर दी है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस फ्लैग मार्च कर रही है। साथ ही बाजार में पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। इधर, राजस्थान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एमएल लाठर ने कानून व्यवस्था की समीक्षा कर असमाजिक तत्त्वों के खिलाफ करवाई के निर्देश दिए हैं।
वायरल वीडियो की जांच की जाएगी
उन्होंने बताया कि ऑपरेशन शिकंजा के तहत गड़बड़ी फैलाने का प्रयास करने वाले 32 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इलाके में लाठियां बांटने और भड़ाकाऊ भाषण देने के वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि नोहर में कानून व्यवस्था सामान्य है। बाजार भी खुले हुए हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें। किसी भी तरह कीअफवाह पर ध्यान ना दें।
पुलिस के आला अधिकारी नोहर में मौजूद
डीजीपी लाठर ने बताया कि हमले में घायल सतवीर सहारण का बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में चल रहा इलाज चल रहा है। डॉक्टर उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उनकी स्थिति बिल्कुल ठीक है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार कर पुलिस प्रशासन करेगा सख्त कार्रवाई करेगा। संभागीय आयुक्त बीकानेर डॉ नीरज के पवन, आईजी बीकानेर ओमप्रकाश नोहर, जिला कलेक्टर और जिला पुलिस अधीक्षक नोहर में मौजूद हैं।
क्या है मामला?
बुधवार रात नोहर में महिला और एक व्यक्ति ने वीएचपी नेता सतवीर सहारण से मंदिर के सामने बैठे कुछ युवकों की शिकायत की थी, युवक अक्सर महिला के साथ छेड़छाड़ किया करते थे। इसके बाद सतवीर युवकों के पास पूछताछ करने पहुंचा तो उन्होंने झगड़ा शुरू कर दिया। झड़प के दौरान युवकों ने लोहे की रॉड से सतवीर के सिर में वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे नोहर से हनुमानगढ़ रैफर किया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सतवीर को बीकानेर रैफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हमले के विरोध में बजरंग दल और वीएचपी के कार्यकर्ताओं ने नोहर रावतसर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।