राजस्थान के कई जिलों का जीवन बेपटरी होने के बाद 11 दिनों बाद गुरुवार को गुर्जर आंदोलन समाप्त कर दिया था। सरकार के साथ सहमति बनने के बाद गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति ने बयान में जारी कर इसकी जानकारी दी।
इसके साथ ही दिल्ली मुंबई रेल लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही बहाल कर दी गई है और कई जिलों में बंद पड़ी मोबाइल इंटरनेट सेवाएं भी चालू हो गई हैं। बता दें कि आरक्षण सहित कई मांगों को लेकर आंदोलन कर रही गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल की बुधवार को यहां मंत्रिमंडलीय उप समिति के साथ बैठक हुई, जिसमें छह बिंदुओं पर सहमति बनी थी।
आंदोलनकारी अपने घर लौट गए
पुलिस के अनुसार, रेलवे ट्रैक पर बैठे गुर्जर समाज के लोग गुरुवार को अपने घरों को लौट गए। इसके साथ ही भरतपुर सहित कई जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। गुर्जर नेता विजय बैंसला ने कहा कि सरकार के साथ हमारा बुधवार को समझौता हुआ। हम रेल ट्रैक खाली कर रहे हैं। रेल सेवा शीघ्र ही बहाल हो जाएगी।
रेल संचालन बहाल हुआ
उत्तर- पश्चिम रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि गुर्जर आंदोलन समाप्त हो जाने के कारण प्रभावित रेल संचालन बहाल कर दिया गया है और जो रेलगाड़ियां बदले हुए मार्ग पर चल रही थीं उन्हें उनके मूल मार्ग पर चलाया जाएगा। बता दें कि आंदोलनकारी अपनी मांगों को लेकर बयाना के पीलूपुरा के पास दिल्ली- मुंबई रेल मार्ग पर पटरियों पर बैठे थे। इस बार आंदोलन एक नवंबर से 11 नवंबर तक चला।
सभी मांगों पर सहमति बनी
बुधवार को मंत्रिमंडलीय उप समिति के तीन सदस्य और गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के नेता कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के बीच कई घंटे की चर्चा के बाद छह बिंदुओं पर सहमति बनी और समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। समझौते के बाद ऊर्जा मंत्री बी डी कल्ला ने बताया कि कई साल पहले गुर्जर आरक्षण आंदोलन के दौरान तीन मृतकों कैलाश गुर्जर, मान सिंह गुर्जर और प्रदीप गुर्जर के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से पांच- पांच लाख रुपये की सहायता राशि तथा संबंधित परिवार के आश्रितों को नियुक्ति पत्र जारी किए गए।
बता दें कि अशोक गहलोत और कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के बीच जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर बैठक होने के बाद छह बिंदु का चर्चा हुई। इसके बाद समझौता पत्र भी जारी कर दिया गया। इस वार्ता में बैंसला के साथ उनके पुत्र विजय बैंसला व अन्य गुर्जर प्रतिनिधि भी थे।