झालावाड़ के अकलेरा थाना क्षेत्र में एक आभूषण व्यवसायी के घर से नौकर करीब पांच किलो सोना और डेढ़ किलो चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गया। चोरी की गई जेवरात की कीमत करीब ढाई करोड़ बताई जा रही है।
झालावाड़ एसपी मोनिका सेन ने बताया कि मंगलवार को अकलेरा निवासी 68 वर्षीय आभूषण व्यवसायी सुरेश कुमार ने अकलेरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें उन्होंने बताया कि वे मंगलवार सुबह दुकान जाने के लिए तैयार हो रहा था। वहीं उन्होंने सोने-चांदी से भरा बैग टेबल पर रख दिया था। उनका नौकर देशराज मीणा मकान में झाड़ू पोछा कर रहा था। इसी बीच मेरी नींद लग गयी। इतने में देशराज करीब 5 किलो सोने के गहने और 1.5 किलो चांदी के गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गया।
नाकाबंदी कर पकड़ा गया नौकर
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रकाश कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना पर तुरंत नाकाबंदी करवाई गई। उन्होंने सीओ अकलेरा गिरधर सिंह के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।वहीं सीमावर्ती राज्य मध्यप्रदेश और सीमावर्ती जिलों कोटा और बारां की सीमा में नाकाबंदी कर दी गई। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी नौकर बासोदिया के तरफ जा रहा है। जिसके बाद पुलिस ने मात्र 6 घंटों में नौकर देशराज पुत्र रंग लाल मीणा निवासी गोरियाखेडा थाना अकलेरा को गिरफ्तार कर लिया है।