फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

जोधपुर में गैंगवार: हिस्ट्रीशीटर मांजू को दिनदहाड़े गोली मारी, नांदिया गैंग के पालड़ी ने ली जिम्मेदारी

Wed, 01 Feb 2023 08:37 PM IST
उदित दीक्षित न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, जोधपुर

सार

जोधपुर शहर एक बार फिर गैंगवार से दहल गया। शहर में दिनदहाड़े 5 बदमाशों ने एक हिस्ट्रीशीटर को गोली मार दी। लहूलुहान हुए हिस्ट्रीशीटर की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना बुधवार शाम कमिश्नरेट इलाके के वित्राग सिटी सोसायटी की है। जहां बदमाशों ने 3 से 4 राउंड फायर किए।
हिस्ट्रीशीटर राकेश मांजू की गोली मारकर हत्या। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राकेश मांजू नाम के हिस्ट्रीशीटर को गोली मारी गई है। मांजू की दूसरे हिस्ट्रीशीटर विक्रम सिंह नांदिया से पुरानी रंजिश चली आ रही है। पहले राकेश मांजू ने विरोधी गुट के विक्रम सिंह को गोली मारी थी, बताया जा रहा है उसका बदला लेने के लिए यह वारदात की गई है। 



बुधवार को विक्रम गुट के बदमाशों ने राकेश मांजू पर 3 से 4 राउंड फायर कर दिए, जिससे उसके बाएं कंधे पर गोली लगी। सूचना पर घायल हिस्ट्रीशीटर को तुरंत एमडीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। गैंगवार की जानकारी मिलने पर जोधपुर के शास्त्रीनगर थाना अधिकारी जोगेंद्र सिंह भी हॉस्पिटल पहुंचे हैं।

घायल युवक की हालत सीरियस, ICU में भर्ती
एमडीएम हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया है कि गोली लगने से घायल युवक की हालत सीरियस है। उसका सिटी स्कैन और एक्स-रे करवाया गया है। कितनी गोलियां लगी हैं, पता लगाया जा रहा है।  वारदात की सूचना मिलने पर घायल युवक के साथी और परिजन भी हॉस्पिटल पहुंच गए। घायल राकेश मंजू का काफी खून बह गया था इसलिए उसे करीब 4 यूनिट खून चढ़ाया गया है। साथ ही आईसीयू में भर्ती कर लिया गया है। 


लोकेशन पर पहले से घात लगाकर बैठे थे 5 बदमाश, पीछे से फायरिंग की
जोधपुर के डीसीपी वेस्ट गौरव यादव ने बताया कि राकेश मांजू बालेसर में कंस्ट्रक्शन ठेके का काम करता है और वित्राग सिटी में उसका आना-जाना था। दूसरे गुट के बदमाशों को पता था कि बुधवार को वह किसी से मिलने वहां पहुंचा है। पहले से रेकी की गई थी। वित्राग सिटी सोसायटी के अंदर ही करीब 5 बदमाश पहले से घात लगाकर बैठे हुए थे। तभी किसी ने राकेश मांजू को फोन कॉल कर सोसायटी के बाहर चेक लेने आने की बात कही। जब मांजू ने फ्लैट से बाहर निकलकर सोसायटी का पहला गेट पार किया,तो उस पर पीछे से फायरिंग कर दी गई। फायरिंग की जिम्मेदारी लेने वाला बदमाश जोधपुर जिले के भोपालगढ़ का रहने वाला है। पुलिस ने अब तक करीब 10 लोगों की पहचान की है।

दो साल पहले राकेश मांजू भी हिस्ट्रीशीटर विक्रम सिंह पर फायरिंग कर चुका
करीब 3 साल पहले शिवरात्रि पर राकेश मांजू और उसके साथियों ने भी डालीबाई मंदिर चौराहे के पास विक्रम सिंह पर फायर कर दिया था। तब  विक्रम सिंह नांदिया कार में बैठा हुआ था। फायरिंग में उसकी पसली के पास में गोली लगी थी। लेकिन वक्त पर हॉस्पिटल पहुंच जाने और ईलाज मिल जाने से उसकी जान बच गई थी।  इसी रंजिश का बदला विक्रम सिंह नांदिया की गैंग ने लिया है।

विक्रम सिंह नांदिया के साथी बजरंग सिंह पालड़ी ने ली जिम्मेदारी
गोलीकांड के बाद हिस्ट्रीशीटर विक्रम सिंह नांदिया के साथी बजरंग सिंह पालड़ी ने इसकी जिम्मेदारी ली है। सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया गया है, जिसमें कहा गया है कि- "जोधपुर में राकेश मांजू इसका काम हुआ है, इसकी जिम्मेदारी मैं लेता हूं। यह बदला विक्रम सिंह नांदिया के ऊपर हुए हमले का बदला था। रही बात दुश्मनों की,तो उसका भी ईलाज करेंगे।"

राकेश मांजू गुजरात से गिरफ्तार हुआ, बाद में जमानत मिली
विक्रम सिंह को गोली मारने के बाद राकेश मांजू गुजरात के डीसा से 20 अप्रैल 2021 को गिरफ्तार हुआ था। बाद में उसे केस में जमानत मिल गई। लेकिन दोनों की गैंग के बीच दुश्मनी बढ़ गई। विक्रम गैंग के बदमाश उससे बदला लेने की फिराक में घूम रहे थे।  जेल से बाहर आने पर हालांकि मांजू ने कंस्ट्रक्शन का काम शुरू कर दिया था। लेकिन पुरानी रंजिश बरकरार थी।

विज्ञापन
और पढ़ें...
Next
AU ऐप में पढ़ें