जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए राजस्थान के सपूत नारायण लाल गुर्जर ने हाल ही एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था। उनके एक-एक बोल से लगा कि हम देशवासी दिल से अपनी सुरक्षा एजेंसियों का साथ दें, तो आतंक और आतंकियों को समूल नष्ट किया जा सकता है। वे 12 फरवरी को ही ड्यूटी पर लौटे थे। उन्होंने शहीद होने से पहले अपने देशवासियों से ये अपील की थी....
‘साथियों, मैं कुछ दिनों से परेशान चल रहा हूं। उसका कारण है कि कुछ लोग मेरा सुख-चैन छीनने की कोशिश कर रहे हैं। मैं आपसे अनुरोध करूंगा कि जिस तरह से हम उग्रवादियों से जूझ रहे हैं और खास करके पिछले तीन सालों से आप देख रहे हैं कि जम्मू-कश्मीर में हम कितने अपने साथियों को खोकर, कितने साथियों को शहीद करके, एक-एक उग्रवादी को दिन-रात कड़ी मेहनत करके मौत के घाट उतार रहे हैं। कुछ लोग मेरा सुख चैन छीनने की कोशिश कर रहे हैं, क्या साथियों आप लोग चाहोगे कि वे लोग मेरा सुख-चैन छीनें। अगर नहीं, तो आप लोग उठिए, जागिए और जिस तरह से हम उग्रवादियों को खोज रहे हैं आप भी उन लोगों को खोजिए। उनको एक-एक करके जो आप उन्हें सजा देना चाहें, दीजिए। जो उचित लगे कीजिए। मेरे सुख चैन छीनने वालों को आप जो चाहे सजा दे सकते हैं। और कुछ नहीं तो कम से कम उन्हें बता सकते हैं कि जो आप कर रहे हो वो गलत है, आपको यह नहीं करना चाहिए। जो लोग दिन रात मेहनत करके हमारे लिए जी रहे हैं, हमें उन लोगों को परेशान नहीं करना चाहिए।
क्या साथियों ये सब हम पैसे के लिए कर रहे हैं? खैर, इसका उत्तर आप खुद ही खोजें। हम आप लोगों के लिए क्या कर रहे हैं, नहीं कर रहे हैं, ये आप लोग मुझसे बेहतर जानते हैं। आप लोगों का भी ये कर्तव्य बनता है कि आप लोग मेरे साथ सहयोग करें, आप लोग मेरे साथ में आगे बढ़ें और जो लोग मेरा सुख चैन छीनने की कोशिश कर रहे हैं, वे चंद लोग हैं, उन्हें आप पैर में लगे कांटे की तरह निकाल फेंकिए।
जय हिंद, जय भारत
- शहीद नारायण लाल गुर्जर, बनोल, राजसमंद, राजस्थान