राजस्थान में भरतपुर की भाजपा सांसद रंजीता कोली के घर के बाहर मंगलवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग की। जानकारी के मुताबिक, फायरिंग करीब रात 12 बजे हुई। इस घटना के बाद सांसद का परिवार दहशत में है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सांसद से उनका हालचाल जानने के लिए फोन पर बात की और पुलिस महानिदेशक एमएल लाठेर को मंगलवार रात हुई इस घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल गठित करने का निर्देश दिया है।
पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि फायरिंग की आवाज सुनकर सांसद और उनके परिवार के लोग घर के बाहर आए। बाहर आकर उन्होंने देखा कि एक पोस्टर दरवाजे पर चिपका हुआ है, जिस पर जिंदा कारतूस भी चिपका हुआ था।
मौके पर धमकी भरा पत्र मिला
पुलिस ने बताया कि मौक पर एक जिंदा कारतूस भी पड़ा था। इसके साथ ही एक धमकी भरा पत्र भी मिला। पत्र में लिखा था, दलित है दलित बनकर रह। सारी सांसद गिरी निकाल देंगे। पहले एक बार छोड़ दिया तो नहीं मानी। औकात में रह, तेरे को न तो अम्बेडकर बाबा साहब बचाएगा और न ही मोदी और शाह बचाएंगे। यह तो सिर्फ एक ट्रेलर है... अगली बार तेरे अंदर गोलियां भर देंगे। पुलिस ने कहा कि इस मामले में आगे की जांच जारी है।
विपक्ष हुआ हमलावर
सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट किया कि सांसद रंजीता कोली से उनकी कुशलक्षेम जानने के लिए बात की। साथ ही प्रमुख सचिव (गृह) और डीजीपी को मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जयपुर से एसओजी की एक टीम भरतपुर में मामले की जांच करेगी।
साथ ही भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने घटना की निंदा की और राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि गृह मंत्रालय संभालने वाले मुख्यमंत्री को राज्य की कानून व्यवस्था को बनाए रखने में सक्षम नहीं होने पर गृहमंत्री के पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता वसुंधरा राजे ने दावा किया कि राजस्थान में महिलाओं और दलितों पर हमले और अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं जो चिंता का विषय है
सांसद की तबीयत बिगड़ी
वहीं, इसी बीच सांसद की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुधवार सुबह मेडिकल बोर्ड ने सांसद के स्वास्थ्य की जांच की। उन्हें उच्च रक्तचाप की शिकायत है। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र बिश्नोई ने बताया कि फायरिंग करने वालों की तलाश शुरू की गई है। सांसद को पूरी सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। इससे पहले 27 मई, 2021 की रात को सांसद की गाड़ी पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया था।