हमलावर कांस्टेबल चेतन और मृतक एएसआई टीकाराम मीणा(फाइल फोटो)
- फोटो : Amar Ujala Digital
जयपुर-मुंबई एक्सप्रेस ट्रेन में आज अल सुबह हुई
फायरिंग की वारदात में चार लोगों की मौत हो गई। आरपीएफ के ही एक जवान चेतन ने एएसआई टीकाराम मीणा समेत चार लोगों की एके-47 सर्विस राइफल से गोलियां मारकर हत्या कर दी। फिर ट्रेन से भाग गया। पुलिस ने आरोपी को बोरीबली-भयंदर इलाके में गिरफ्तार कर लिया।
एएसआई टीकाराम मीणा राजस्थान के सवाई माधोपुर के श्यामपुरा गांव का रहने वाले थे। उनकी आरपीएफ गुजरात में पोस्टिंग थी। वो ऑफिशियल कार्य से मुंबई जा रहे थे। मारे गए बाकी तीन पैसेंजर्स ने भी गोली लगने से दम तोड़ दिया। फायरिंग के शिकार हुए आरपीएफ के एएसआई टीकाराम मीणा की मौत की सूचना मीडिया से लगने पर श्यामपुरा गांव में बेहद गमगीन माहौल हो गया है। समूचे गांव वाले इस घटना से पूरी तरह स्तब्ध है।
हालांकि मृतक एएसआई की पत्नी को ग्रामीणों और अन्य परिजनों ने अभी घटना की जानकारी नहीं दी है। उनका मानना है कि फिलहाल घटना की जानकारी देने से वो यह सदमा सह नहीं सकेंगी। मां भी बुजुर्ग हैं, उन्हें भी नहीं बताया गया है कि उसका लाल नहीं रहा। मृतक का शव आने में अभी वक्त लग सकता है। इसके चलते ग्रामीणों ने घर के आस-पास एक घेरा बना रखा है ताकि इस घटना को लेकर कोई बुजुर्ग मां के पास सीधा नहीं जा सके। मृतक एएसआई टीकाराम मीणा के एक पुत्र और एक पुत्री हैं। 25 वर्षीय बेटी पूजा मीणा का विवाह हो चुका है। वह ससुराल में है। बेटा 35 वर्षीय राजेन्द्र मीणा भी शादीशुदा है और बेरोजगार बताया जा रहा है। मृतक का बेटा राजेन्द्र गोवा घूमने गया हुआ है। ग्रामीणों ने बेटे को फिलहाल घटना की जानकारी दे दी है और वह मौके के लिए रवाना हो गया है। बहरहाल मृतक के घर के आस-पास सन्नाटा छाया हुआ है और गांव में मातम का माहौल है। मृतक एएसआई टीकाराम मीणा किसान परिवार से हैं। उसके करीब पांच बीघा खेती बताई जा रही है। ग्रामीण फिलहाल डेडबॉडी आने का इंतजार कर रहे हैं।