राजस्थान के बाड़मेर शहर के राय कॉलोनी में बुधवार रात भाजपा नेता के घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो में कुछ बदमाशों ने आग लगा दी और फरार हो गए। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में बाइक सवार दो बदमाश नकाब पहने दिखाई दिए। इस वजह से अभी तक उनकी पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, अंधेरा होने की वजह से सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों की गाड़ी का नंबर प्लेट भी साफ-साफ नहीं दिखाई दिया।
दो लाख का हुआ नुकसान
कार में लपटें देखकर स्थानीय लोग आग बुझाने में लग गए। लोगों का शोर सुनकर कुछ ही देर में घर के अंदर से गाड़ी के मालिक भी बाहर आकर आग पर काबू पाने में जुट गए। कड़ी जद्दोजहद के बाद आग पर काबू पाया जा सका।हालांकि, आग लगने से स्कार्पियो के आगे का हिस्सा पूरी तरह से जल गया। इस मामले की रिपोर्ट रूप सिंह राजपूत ने कोतवाली थाने में दर्ज करा दी है। उन्होंने पुलिस को बताया कि स्कार्पियो गाड़ी के आगे के हिस्से में जोरदार आग लगी हुई थी। आग से गाड़ी का बोनट, इंजन, वायरिंग जल गए, जिससे उन्हें करीब 2 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।