हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने लगाया जाम।
- फोटो : अमर उजाला
धौलपुर में मंगलवार देर शाम कोतवाली थाना इलाके के धौलपुर-बाड़ी सड़क मार्ग पर हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई। आठ साल का बच्चा भंडारे के प्रसाद के लिए रोड क्रॉस कर रहा था। इस दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया। टक्कर लगने से छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस की काफी समझाइश के बाद लोग शांत हुए, जिसके बाद जाम खोला जा सका।
जानकारी के अनुसार पुराना शहर का रहने वाला 8 साल का फरहान पुत्र फरमान झोर वाली माता मंदिर के पास अपनी नानी के घर आया था। झोर वाली माता मंदिर के सामने हनुमान जी मंदिर पर भंडारे का प्रसाद वितरित किया जा रहा था। फरहान सड़क क्रॉस कर प्रसाद लेने जा रहा था। इस दौरान बाड़ी की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार में ट्रक ने उसे कुचल दिया।
उधर, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। इससे गुस्साए स्थानीय लोगों ने धौलपुर-बाड़ी सड़क मार्ग पर मंदिर के सामने जाम लगा दिया। पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर स्थानीय कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो उसे भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। काफी देर चली समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोग शांत कर दिया। पुलिस मृतक बच्चे के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। बुधवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने कहा कि केस दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपी चालक की पहचान कर उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा