कोटा जिले के रंगबाड़ी बालाजी मंदिर परिसर के पास समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने जनसुनवाई की। इस दौरान डीएमएफटी योजना के तहत रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र में लगाए जाने वाले 22 सोलर बेस्ड सिंगल फेज नलकूपों का भी शिलान्यास किया गया। समस्या समाधान शिविर में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। मंत्री दिलावर ने लोगों की समस्याओं सुन संबंधित अधिकारियों को उनकी समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान मीडिया से बात करते हुए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बताया कि नई सरकार के बाद यह पहला समस्या समाधान शिविर है। कुछ कमियां रह सकती है, जिन्हें आगामी दिनों में दूर किया जाएगा। फिलहाल बिजली पानी और यूआईटी इन तीन विभागों से संबंधित जनसुनवाई की गई हैं। धीरे-धीरे इसका दायरा बढ़ाया जाएगा। गर्मी के दिनों में पेयजल संकट को देखते हुए जहां सख्त आवश्यकता है। वहां, टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की जाएगी। स्थाई समाधान के लिए टंकियां और पाइपलाइन के काम कराए जाएंगे।
कोटा के रामपुरा में स्थित एकमात्र संगीत विद्यालय में फैल रही अव्यवस्थाओं के बारे में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि मामले को दिखवाया जाएगा और जो भी उचित कार्रवाई होगी वह अमल में लाई जाएगी। बिजली विभाग की मनमानी पर दिलावर ने कहा कि यह सही है कि बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों को उनके कामकाज में सुधार करने की जरूरत है। इसके बारे में भी निर्देश दिए जाएंगे।