पत्रकार कॉलोनी निवासी 87 वर्षीय प्रेमजी पंचाल के निधन के बाद उनकी पांचों बेटियों ने पुरानी सामाजिक मान्यताओं को पीछे छोड़कर अनुकरणीय मिसाल पेश की है। समाज में आमतौर पर अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी बेटे की मानी जाती है, लेकिन पंचाल परिवार की पांचों बेटियों तारा, लक्ष्मी और कृष्णा ने अपनी अन्य बहनों के साथ मिलकर पिता की अर्थी को कंधा दिया तथा मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई की रस्में पूरी कीं।
ये भी पढ़ें-
राजस्थान: फिर आर्मी की वर्दी में दिखे सचिन पायलट, मशीन गन से साधा निशाना; जवानों के साथ की ट्रेनिंग
पांच वर्षों तक की माता-पिता की सेवा
प्रेमजी पंचाल और उनकी पत्नी पिछले लगभग पांच वर्षों से डिमेंशिया यानी भूलने की बीमारी सहित कई अन्य शारीरिक परेशानियों से जूझ रहे थे। इस मुश्किल दौर में पांचों बेटियों ने माता-पिता की देखभाल में कोई कमी नहीं रहने दी। उनकी रोजमर्रा की जरूरतों का ध्यान रखने से लेकर बीमारी और परेशानी के समय साथ खड़े रहने तक, बेटियों ने पूरी जिम्मेदारी और धैर्य के साथ अपना फर्ज निभाया। बहनों ने अपने निरंतर सेवा और समर्पण से सिद्ध किया कि बेटियां भी माता-पिता का उतना ही मजबूत सहारा बन सकती हैं जितना समाज में बेटों को माना जाता है।
पिता के निधन के बाद जब अंतिम यात्रा निकली तो पांचों बेटियां आगे आईं और अंतिम संस्कार की परंपराएं निभाईं। परिवार के इस फैसले को समाज ने भी खुले दिल से स्वीकार किया और बेटियों का उत्साहवर्धन किया। अंतिम यात्रा के दौरान बेटियों का अपने पिता के प्रति गहरा प्रेम और समर्पण देखकर वहां उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। बेटियों ने इस पहल से संदेश दिया कि माता-पिता के प्रति संतान का फर्ज बेटा या बेटी होने से तय नहीं होता, बल्कि प्रेम, जिम्मेदारी और निष्ठा के भाव से तय होता है। यह अंतिम विदाई केवल अंतिम संस्कार तक सीमित न रहकर बदलती सामाजिक सोच की मिसाल बन गई।