घटना के बाद मौके पर जुटी लोगों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के डूंगरपुर जिले के आसपुर थाना क्षेत्र के पूंजपुर गांव के पास बाइक पर आए तीन बदमाशों ने पेट्रोल पंप मालिक पर तलवार से हमला कर दिया | हमले के बाद आरोपी फरार हो गए। घायल को आस-पास के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस को खबर मिलते ही आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
मामले के अनुसार गढ़ी निवासी नारायण लाल डामोर का डूंगरपुर जिले के पूंजपुर में पेट्रोल पंप है। नारायण लाल अपनी बाइक पर बैंक से अपने पेट्रोल पंप पर लौट रहा था। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास पीछे से एक बाइक पर तीन बदमाश आए और पीछे से पेट्रोल पंप मालिक पर तलवार से हमला कर दिया। गाल पर तलवार लगने से नारायण लाल घायल हो गए | वहीं, बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। घायल नारायणलाल का पूंजपुर अस्पताल में इलाज चल रहा है। इधर, पुलिस पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।