जयपुर टाइगर फेस्टिवल में राज्यपाल कलराज मिश्र व अन्य।
- फोटो : Amar Ujala Digital
राज्यपाल कलराज मिश्र ने गुरुवार को जयपुर के होटल क्लार्क्स आमेर में जयपुर टाइगर फेस्टिवल के पुरस्कार वितरण समारोह में सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि आज विश्व के 75 प्रतिशत बाघों की संख्या अकेले हमारे देश में हैं।
राज्यपाल कलराज मिश्र ने प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण के लिए नई पीढ़ी में वन्यजीवों के प्रति जागरूकता लाए जाने पर ज़ोर दिया है। उन्होंने कहा कि बाघ संरक्षण के लिए जन-चेतना कार्यक्रम चला कर सतत प्रयत्न किए जाने की ज़रूरत है। उन्होंने बाघों की बढ़ती संख्या के साथ-साथ उनके संरक्षण के लिए भी सभी स्तरों पर समुचित कार्य किए जाने पर ज़ोर दिया। राज्यपाल ने बाघों के संरक्षण के साथ वन प्रबंधन में और बेहतर कार्य करते हुए राजस्थान को इस क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने का आह्वान किया।
पारिस्थितिकी संतुलन और जैव विविधता संरक्षण के लिए जरूरी हैं टाइगर
राज्यपाल ने कहा कि बाघों का होना पारिस्थितिकी संतुलन और जैव विविधता संरक्षण के लिए जरूरी है। उन्होंने बाघों सहित अन्य वन्य जीवों के संकुचित हो रहे प्राकृतिक आवासों पर चिंता प्रकट करते हुए कहा कि बढ़ती आबादी के दबाव में वन कॉन्क्रिट के जंगलों में तब्दील न हों, इस पर सभी स्तरों पर चिंतन करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बाघ क्षेत्रों में पर्यटन का विकास इस तरह से होना चाहिए कि वन्य जीवों को किसी तरह की हानि न पहुंचे। उन्होंने पुरस्कृत फोटोग्राफर्स की कला और दृष्टि की सराहना भी की। राज्यपाल ने पुरस्कार विजेता फोटोग्राफर्स, वन्यजीवन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले विशेषज्ञों को सर्टिफिकेट दिए।
वाइल्डलाइफ फिल्म निर्माता एस. नल्लामुत्थु का बाघ संरक्षण पर तैयार टाइगर एन्थम भी प्रस्तुत
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता वाइल्डलाइफ फिल्म निर्माता एस. नल्लामुत्थु द्वारा बाघ संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए तैयार टाइगर एन्थम भी कार्यक्रम में स्क्रीन पर प्रस्तुत किया गया। नल्लामुत्थु और वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर सितारा कार्तिकेयन की जूरी द्वारा पुरस्कृत फोटोग्राफ का चयन किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान आवासन मण्डल आयुक्त पवन अरोड़ा, समाजसेवी डॉ. एस. एस. अग्रवाल, राजस्थान हेरिटेज आर्ट एंड कल्चर फाउंडेशन के ट्रस्टी आनन्द अग्रवाल, जयपुर टाइगर फेस्टिवल के संस्थापक संरक्षक धीरेन्द्र गोधा, अध्यक्ष संजय खवाड़, सचिव आशीष बैद सहित गणमान्यजन उपस्थित रहे।