राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के सल्लोपट इलाके के गमानाफला गांव में एक शराबी पिता ने पत्नी से झगड़े के दौरान अपनी 11 माह की मासूम बेटी को सड़क पर पटक-पटककर मार डाला। इसके बाद वह खुद थाने पहुंचा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। यह घटना शनिवार दोपहर की है।
सल्लोपट निवासी दिलीप के शराब पीकर आए दिन मारपीट करने की आदत से परेशान होकर उसकी पत्नी मनीषा अपनी 11 माह की बेटी शिवानी को लेकर अपने मायके गमानामाला चली गई थी। शनिवार को दिलीप शराब पीकर वहां पहुंचा और पत्नी को समझा-बुझाकर बेटी सहित घर वापस ले आया।
इस दौरान रास्ते में बाइक पर ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। गुस्से में दिलीप ने बाइक रोकी और बेटी को पत्नी से छीनकर सड़क पर उसे दो-तीन बार पटक दिया। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी पत्नी और बेटी को सड़क पर छोड़कर सल्लोपट थाने पहुंच गया।