पीसीपीएनडीटी टीम ने जोधपुर में भ्रूण लिंग की जांच करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें डॉ. इम्तियाज सहित तीन अन्य आरोपियों को पकड़ा गया है। इम्तियाज इससे पहले भी भ्रूण लिंग की जांच करने के आरोप में चार बार गिरफ्तार हो चुका है। उसे हिस्ट्रीशीटर भी घोषित कर दिया गया है।
पीसीपीएनडीटी थाना अधिकारी जितेंद्र गंगवानी ने बताया, मुखबिर से सूचना मिली कि डॉ. इम्तियाज जमानत पर आने के बाद फिर से भ्रूण की जांच करने लगा है। इस बार वह पोर्टेबल मशीन से भ्रूण की जांच कर रहा है। राजस्थान स्टेट कोऑर्डिनेटर सरला दाधीच को यह जानकारी मिली थी। इसके बाद तीन दिन पहले जयपुर से आई पीसीपीएनडीटी की टीम ने जोधपुर में डेरा डाल रखा था।
शुक्रवार को टीम ने बोगस ग्राहक बनाकर एक महिला को आरोपी डॉ. इम्तियाज के पास भेजा। इम्तियाज साथी दलाल भंवरलाल जांगिड़ के साथ महिला को पाल बालाजी के सामने स्थित अशोक प्रजापत के कमरे पर ले गया। यहां वह महिला के भ्रूण की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पीसीपीएनडीटी टीम में छापेमारी कर उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी इम्तियाज सरकारी डॉक्टर था, लेकिन पीसीपीएनडीटी मामले में गिरफ्तार होने के बाद उसे निलंबित किया जा चुका है। इससे पहले वह चार बार पीसीपीएनडीटी मामले में गिरफ्तार हो चुका है। इस बार पांचवी बार उसकी गिरफ्तारी हुई है।
पीसीपीएनडीटी टीम ने डॉ इम्तियाज के अलावा दलाल भंवरलाल जांगिड़ और अशोक प्रजापत को गिरफ्तार किया है। इस नेटवर्क में किन-किन लोगों के तार जुड़े हैं, इसकी जांच की जा रही है। आरोपी डॉ इम्तियाज ने अब तक 50 से ज्यादा लिंग भ्रूण परीक्षण करना कबूल किया है।