धौलपुर में वांछित अपराधी एवं बदमाशों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत शहर की निहालगंज थाना पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए दो बदमाश एवं एक मफरूर आरोपी को गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाश के कब्जे से पुलिस ने तीन 315 बोर के देसी तमंचा, आठ जिंदा कारतूस समेत चोरी की बाइक भी बरामद की है।
सीओ सिटी सुरेश सांखला ने बताया, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार एवं एडिशनल एसपी ओमप्रकाश मीणा के निर्देश में अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया, बुधवार को निहालगंज थाना पुलिस ने तीन अलग-अलग कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। पहली कार्रवाई को पुराने सदर थाने के पास पुलिस ने अंजाम दिया है। निहालगंज थाना पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना मिली कि एक बदमाश वारदात के इरादे से घूम रहा है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बदमाश आकाश उर्फ अक्की पुत्र दिलीप गुर्जर निवासी पटेवरी को घेराबंदी कर दबोच लिया। बदमाश के कब्जे से दो देसी 315 बोर के तमंचा समेत 6 जिंदा कारतूस बरामद कर किये हैं। दूसरी कार्रवाई वनस्थली स्कूल के पास की गई। मुखबिर की निशानदेही पर बदमाश हरेंद्र उर्फ हरिओम पुत्र वीरेंद्र गुर्जर निवासी पंछीपुरा को गिरफ्तार किया है। बदमाश के कब्जे से एक देसी तमंचा दो जिंदा कारतूस के साथ एक चोरी की बाइक भी बरामद की है।
तीसरी कार्रवाई के दौरान मफरूर आरोपी राजेश कंसाना पुत्र रामनाथ कंसाना निवासी पवेसुरा को वॉटर वर्क चौराहे से गिरफ्तार किया है। हथियार शुदा बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने आर्म्स एक्ट में आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है। सीओ सुरेश सांखला ने दावा किया है, अनुसंधान में बड़ी वारदातें भी खुल सकती हैं।