धौलपुर में कोतवाली थाना क्षेत्र के भेंसेना गांव में शनिवार शाम को शिकारियों ने बेजुबान जानवर नील गाय को गोली मार दी। गोली लगने से नील गाय खेतों में ही घायल होकर गिर गई। गोली की आवाज एवं नील गाय की कराहने की चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय पंचायत के सरपंच द्वारा घटना की सूचना कोतवाली पुलिस एवं वन विभाग को दी गई। वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है।
ग्राम पंचायत भेंसेना के सरपंच यादव सिंह ने बताया, शनिवार शाम को कुछ शिकारियों ने नील गाय को खेतों में गोली मार दी। गोली मारने के बाद शिकारी मौके से फरार हो गए। घटना की भनक ग्रामीणों को लग गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना कोतवाली थाना प्रभारी राम किशन यादव एवं डीएफओ किशोर कुमार गुप्ता को दी गई। मौके के लिए पुलिस एवं वन विभाग की टीम रवाना हो गई है।
वन विभाग के डीएफओ किशोर कुमार गुप्ता ने बताया, घायल अवस्था में नील गाय खेतों में पड़ी हुई है। नील गाय को वन विभाग की टीम रेस्क्यू कर जिला मुख्यालय पर ले आई है। चिकित्सकों की देख-रेख में उपचार शुरू कराया जा रहा है। वहीं, मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। उधर, थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकारियों को चिन्हित कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।
आए दिन करते रहते हैं नील गायों का शिकार
स्थानीय पंचायत के सरपंच यादव सिंह ने बताया कि इलाके में कुछ शिकारी फसल रखवाली की आड़ में आए दिन नील गायों का गोली मारकर शिकार करते रहते हैं। जंगल और खेतों में घात लगाकर अवैध हथियारों के साथ बैठे रहते हैं। जैसे ही शिकारियों की नजर नील गायों पर पड़ती है तो पलक झपकते ही गोली मार देते हैं। सरपंच ने बताया, नीलगाय के मांस एवं चमड़ी को भारी भरकम दामों में बेचा जाता है। गांव के शिकारियों द्वारा विगत लंबे समय से बेजुबान जानवरों को मारने का गोरखधंधा परवान चढ़ रहा है। कई बार वन विभाग एवं पुलिस को भी अवगत कराया गया है, लेकिन शिकारियों के खिलाफ अभी तक कार्रवाई को अंजाम नहीं दिया गया है। घटना से वन्य जीव प्रेमियों में भी भारी रोष देखा जा रहा है।