चार ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े, तीन लोग गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
धौलपुर के सरमथुरा रेंज में वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार चंबल बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त किया है। ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त करने के साथ ही वन विभाग की टीम ने तीन माफिया को भी गिरफ्तार किया है, जिनके खिलाफ वन विभाग में मामला दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई को लेकर क्षेत्रीय वन अधिकारी अरविंद परमार ने बताया कि घड़ियाल अभ्यारण क्षेत्र होने की वजह से चंबल नदी से बजरी निकासी पर सुप्रीम कोर्ट का प्रतिबंध है। इस प्रतिबंध के बावजूद बजरी माफिया चोरी छुपे बजरी की निकासी करते हैं। उन्होंने बताया कि अवैध चंबल बजरी खनन को रोकने के लिए गुरुवार तड़के उनके नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने दो जगह से चार बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है।
उन्होंने बताया कि दो जगह पर की गई कार्रवाई में डोमई रोड से दो और सोने का गुर्जा रोड से दो चंबल बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया है। क्षेत्रीय वन अधिकारी ने बताया कि वन विभाग की टीम ने मौके से तीन बजरी माफिया रंजीत, हंसराम और श्रीराम को भी गिरफ्तार किया है, जिनके खिलाफ वन्य जीव अधिनियम के तहत मामला दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।