धौलपुर पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में गुरुवार को मादक पदार्थों, अवैध आग्नेयस्त्रों, फायरिंग आदि घटनाओं में लिप्त चालानशुदा अपराधियों, संगठित, हार्डकोर, वांछित सक्रिय अपराधियों तथा असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए चलाये गये एरिना डोमिनेशन अभियान में धौलपुर पुलिस की टीमों द्वारा दबिश देकर विशेष कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई के दौरान जिले भर में 133 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
इस अभियान के अन्तर्गत महानिरीक्षक पुलिस भरतपुर रेंज राहुल प्रकाश के निर्देशन में जिले में उप महानिरीक्षक सह, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश मीणा व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ देवेन्द्र प्रताप सिंह के सुपरविजन में सभी थानों पर विशेष टीम गठित कर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई।
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ने बताया, इस अभियान में करीब 270 पुलिस अधिकारियों और जवानों की 73 टीमों ने कार्रवाई में भाग लेकर 284 स्थानों पर दबिश देकर 133 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। सभी थानों पर विशेष टीमें गठित कर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई। इस अभियान के अन्तर्गत तीन व्यक्तियों को अवैध हथियारों सहित, 13 व्यक्तियों को अवैध शराब, 12 आरोपियों को हत्या के प्रयास के मामलों में वांछित होने पर, दो आरोपियों को डकैती के प्रकरण में, 19 स्थाई वारंटियों, तीन आरोपियों को 299 सीआरपीसी में वांछित होने पर एवं 81 आरोपियों को विभिन्न मामलों में वांछित होने पर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया, बदमाशों एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान जारी रहेगा।
फिर भी वारदातों पर नहीं लग रहा अंकुश
पुलिस द्वारा ऑपरेशन सुदर्शन चक्र, एरिना डोमिनेशन धरपकड़ आदि अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। अभियान के माध्यम से जिला पुलिस कार्रवाईयों को भी अंजाम दे रही है। उसके बावजूद अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने में जिला पुलिस नाकाम साबित हो रही है। विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद से ही लगातार चोरी, लूट, नकबजनी, मारपीट एवं दुष्कर्म की घटनाओं में भारी इजाफा देखने को मिला है। इसके अलावा अपराधियों द्वारा दिनदहाड़े लूटपाट कर फायरिंग की भी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। एक तरफ पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए नाना प्रकार के अभियान चला रही है। वहीं, दूसरी तरफ अपराधी अपराध करने से बाज नहीं आ रहे हैं।