अस्पताल के बाहर प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : Amar Ujala Digital
करौली के हिण्डौन सिटी में नादौती थाना के भीलापाड़ा मोड़ स्थित एक कुंए में गुरुवार सुबह एक युवती का शव मिला। नादौती थाना पुलिस की ओर से शव को कुएं से बाहर निकालने के बाद मृतका के परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया। मृतका के चेहरे पर एसिड डालने के स्पॉट भी मिले हैं, जिसके कारण परिजन हत्या का आरोप लगाकर मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर अड़ गए। मृतका का शव लेकर पुलिस शाम के वक्त हिण्डौन जिला अस्पताल पहुंची।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका टोडाभीम थाना क्षेत्र के मोहनपुरा निवासी आरती बैरवा(18 साल) पुत्री बत्तीलाल बैरवा है। बताया गया कि मोहनपुरा निवासी युवती आरती और पूजा दो बहनों की सगाई इसी वर्ष अप्रैल में शजपुरा के दो सगे भाइयों से तय हुई है। मृतका के पिता दुबई में कारोबार करते हैं। घटना के दौरान पिता दुबई में थे। मामले की जानकारी मिलने पर राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा भी जिला अस्पताल पहुंच गए।
कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठे मीणा
इधर, राज्य सभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने एसिड अटैक में युवती की मौत और कुएं में शव मिलने की घटना पर कड़ी नाराजगी जताई। इस दौरान उन्होंने कहा कोर्ट ने महिलाओं-बालिकाओं पर बढ़ रहे एसिड अटैक मामले में कठोर कानून प्रक्रिया लागू की है, लेकिन राज्य सरकार की लचर कानून व्यवस्था के कारण आज एक बेकसूर युवती की हत्या हो गई। इस दौरान उन्होंने मोर्चरी में रखी युवती के शव का निरीक्षण किया। इसी के साथ बाहर आकर ऑक्सीजन प्लांट के पास बने धर्मशाला में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए।
इधर, जिला अस्पताल में टोडाभीम, बालघाट, नादौती और नई मंडी थाना प्रभारियों सहित भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा। वहीं जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. पुष्पेंद्र गुप्ता ने पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल बोर्ड का भी गठन किया है।