लोकसभा चुनाव 2024 की रंगत जोरों पर दिखाई देने लगी है, जिसके चलते शुक्रवार को बांदीकुई (दौसा) पहुंचे भाजपा लोकसभा चुनाव प्रभारी राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कांग्रेस पर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा, जब राजस्थान में कांग्रेस का शासन था। उस समय 19 बार यहां पेपर लीक हुए।दुष्कर्म के मामलों में राजस्थान नंबर वन बना, कांग्रेस के अंदर बचा क्या है। आधे से ज्यादा नेता तो कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए, फिर वह किस मुंह से बयानबाजी करते हैं।
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ बोले- राजनीति में MA करनी हो तो दौसा आना पड़ेगा
भाजपा में लोकसभा चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के समय पर राज्यवर्धन सिंह राठौड़ सहित भाजपा के कई नेता पहुंचे। जहां उन्होंने दौसा से भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार का नयालाल मीणा को जीतने के लिए वोट मांगे। इस मौके पर राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि राजस्थान की 25 में से 25 सीट जीतकर जब मोदी जी के हाथ मजबूत करेगा तो राजस्थान अगले 25 साल में विकसित भारत का राज्य होगा, लड़ाई लंबी है।
राठौड़ ने कहा कि दौसा के हर एक मतदाता के लिए मोदी लड़ते हैं तो क्या यहां की जनता मोदी के लिए लड़ने को तैयार है। राठौड़ ने कहा कि जब मुझे लोकसभा दौसा का प्रभारी नियुक्त किया तो मेरे मन में यह बात उठी कि अलग-अलग राजनीतिक क्षेत्र होते हैं, उसकी अलग-अलग पेचीदियां होती हैं, जो राजनीति का छात्र होता है, किसी के लिए आठवीं क्लास होती है तो किसी के लिए दसवीं क्लास होती है और यदि MA करना है तो दौसा आना पड़ेगा।