वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन पायलट
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान की दौसा लोकसभा सीट पायलट परिवार का गढ़ रही है। लेकिन कांग्रेस यहां से पिछले तीन बार लोकसभा चुनाव नहीं जीत पाई है। हालांकि इसके जवाब में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि अब की बार मुरारी लाल मीणा की तीन बार की हार का एक साथ हिसाब बराबर करेंगे। साथ ही पायलट ने कहा कि भाजपा के 10 साल से यहां जो सांसद रहे हैं, उन्होंने विकास नहीं करवाया।
दरअसल, आज बुधवार नामांकन का आखिरी दिन है। दौसा कांग्रेस प्रत्याशी मुरारी लाल मीणा का नामांकन भरवाने सचिन पायलट दौसा पहुंचे। जहां सचिन पायलट ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जनता अब बीजेपी को 25 की 25 सीटें नहीं देगी, जनता अब भाजपा के शासन से परेशान हो चुकी है।
भाजपा पर बरसते हुए सचिन पायलट ने कहा कि अब केंद्र में दबाव की राजनीति चल रही है। निर्वाचित मुख्यमंत्री को जेल में डाला जा रहा है। ED और सीबीआई का दुरुपयोग करके घरों में भेजा जा रहा है। वहीं, भाजपा द्वारा बांटे गए टिकटों पर सचिन पायलट ने कहा कि देखिए सामने वाली पार्टी में कैसी भगदड़ मची है, टिकट कोई और मांग रहा है, मिल किसी और को रहा है।
प्रचार करने के मुद्दे पर सचिन पायलट ने कहा कि मैं पिछली बार भी वोट मांगने आया था। लेकिन पिछली बार हमारी सरकार थी। अब की बार हमारी सरकार नहीं है, मैं फ्री हूं। इसलिए मैं सब जगह वोट मांगने जाऊंगा। इस मौके पर पायलट ने हाथ जोड़कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
इस मौके पर सचिन पायलट ने कहा कि दौसा की जनता ने मेरे और मेरे परिवार के लिए बहुत कुछ किया है। इनका मैं सदैव आभारी रहूंगा। इस जन्म में तो क्या अगले जन्म तक भी मैं दौसा वालों का कर्ज नहीं उतार पाऊंगा। इसीलिए शायद मैं आज 20 साल बाद वापस दौसा लोकसभा क्षेत्र में प्रचार के लिए आया हूं। और मुझे विश्वास है कि आने वाले लोकसभा चुनाव में यहां की जनता मुरारीलाल मीणा को वोट देकर राजस्थान में सर्वाधिक मतों से जिताएगी।