दौसा से गंगापुर के लिए दौसा जिले को मिली 28 साल पहले रेलवे की सौगात वाले रेलवे ट्रैक का काम पूरा होने के बाद रेलवे द्वारा इस ट्रैक को जांचने के सारे काम पूरे होने के बाद रेल दौड़ेगी। इससे दौसा लालसोट गंगापुर तक यातायात सुगम होगा।
साल 1996 में तत्कालीन सांसद राजेश पायलट और तत्कालीन रेल मंत्री रामविलास पासवान द्वारा दौसा-गंगापुर रेल लाइन का शिलान्यास किया गया था। 95 किलोमीटर तक रेलवे द्वारा रेल लाइन बिछाते-बिछाते 28 साल लग गए और अब रेलवे द्वारा दौसा-गंगापुर सिटी नई रेल लाइन पर यात्री रेल सेवा का शुभारंभ किया जा रहा है। इस रेलवे प्रोजेक्ट की लागत लगभग 1,000 करोड़ रुपये से ऊपर बताई जा रही है।
अजमेर-जयपुर-अजमेर रेल सेवा (सप्ताह में छह दिन रविवार को छोड़कर) का दौसा-गंगापुर सिटी स्टेशन तक विस्तार किया जा रहा है। इस विस्तार के कारण अजमेर-जयपुर डेमू रेल सेवा के संचालन समय में आंशिक परिवर्तन भी किया गया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि गाड़ी संख्या 09605, अजमेर-गंगापुर सिटी (वाया दौसा) डेमू रेल सेवा (सप्ताह में छह दिन रविवार को छोड़कर) दिनांक 16.03.24 से अजमेर से 07.00 बजे रवाना होकर जयपुर स्टेशन पर 09.45 बजे आगमन व 09.50 बजे प्रस्थान कर 11.05 बजे दौसा होते हुए 14.00 बजे गंगापुर सिटी पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09606, गंगापुर सिटी-अजमेर (वाया दौसा) डेमू रेल सेवा (सप्ताह में छह दिन रविवार को छोड़कर) दिनांक 16.03.24 से गंगापुर सिटी से 15.00 बजे रवाना होकर 17.35 बजे दौसा होते हुए जयपुर स्टेशन पर 19.00 बजे आगमन व 19.05 बजे प्रस्थान कर 23.15 बजे अजमेर पहुंचेगी।