दौसा में लालसोट थाना क्षेत्र के थलोज गांव के भोपा की ढाणी में एक खेत में बने टांके में दो बच्चों की डूबकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 13 और आठ वर्षीय दोनों भाई बकरियां चराने गए थे, जिन्हें टांके से बाहर निकालकर अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालसोट लोकेश सोनवाल ने बताया कि थाना क्षेत्र के थलोज गांव के भोपा की ढाणी में एक किसान के खेत में बने टांके में दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। अंकित, जिसकी उम्र 13 साल थी। उसके साथ उसका छोटा भाई कार्तिक जिसकी उम्र आठ साल थी। दोनों भाई बकरियां चराने के लिए गए थे, जहां एक किसान के खेत में बने टांके में एक भाई का पैर फिसलने से वह पानी में जा गिरा, जिसको बचाने के लिए दूसरा भाई जैसे ही पानी में उतारा तो वह भी उस पानी से बाहर नहीं निकल सका और डूबने के चलते दोनों की मौत हो गई।
शुक्रवार शाम जब बकरियां अपने आप ही घर पहुंची तो बच्चों के पिता लालू प्रसाद गुस्सा हुए कि आखिर बच्चे कहां गए। इसके बाद उन्होंने बच्चों को तलाशना शुरू किया। तलाश के दौरान किसी ने बताया कि इस पानी के टांके के अंदर दो बच्चे गिरे थे, जो बाहर नहीं आ पाए।
इसके बाद दोनों बच्चों को खेत में बने पानी के टांके में तलाश किया गया, जहां दोनों बच्चों के शव पानी के अंदर मिले। बच्चों के मरने की सूचना लालसोट पुलिस थाने को दी गई, जहां पुलिस ने दोनों बच्चों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टर ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। अतिरिक्त अधीक्षक सोनवाल ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। शव शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।