दौसा के जीरोता में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय राजेश पायलट की 24वीं पुण्यतिथि पर कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने अपने पिता को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर कांग्रेस के कई नेता और समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस अवसर पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसे प्रेरणा दिवस के रूप में मनाया गया।
सचिन पायलट ने अपने पिता को याद करते हुए कहा कि स्वर्गीय राजेश पायलट सभी 36 जातियों को साथ लेकर चलते थे और युवाओं के लिए प्रेरणा थे। उन्होंने खेत-खलिहान से लेकर देश की राजनीति में अहम भूमिका निभाई।
पायलट ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान की जनता ने 11 सीटों पर भाजपा को हराकर स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकारों को राजस्थान, उत्तरप्रदेश और हरियाणा में नकारा गया है और यह गठजोड़ की सरकार है, जिसमें किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला है।
पायलट ने संसद में कांग्रेस के 147 सांसदों के निलंबन को जनता द्वारा नापसंद किए जाने की बात कही और भाजपा की 400 सीटों के दावे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आज उनकी संख्या 200 के करीब है। नीट परीक्षा पर सरकार के स्पष्टीकरण से ना विपक्ष और ना ही आमजन संतुष्ट हैं।
सचिन पायलट ने केंद्र सरकार को अहंकार त्यागकर समर्पण भाव से काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में घमंड और अहंकार की सरकार चली है, जिसे जनता ने अब नकार दिया है। इस अवसर पर कई नवनिर्वाचित सांसद, विधायक और पूर्व विधायक मौजूद रहे।