दौसा की एक लड़की के साथ जयपुर में गैंग रेप करने के आरोप में पीड़िता ने जयपुर के शिप्रा पथ थाने में मामला दर्ज कराया है। पीड़िता उस दौरान जयपुर में रहकर पढ़ाई कर रही थी। पांच साल पहले हुए इस हादसे के बारे में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहे थे।
जिले की एक गैंग रेप पीड़ित छात्रा ने दौसा के दो लड़कों के खिलाफ जयपुर के मामला दर्ज कराते हुए बताया कि आरोपियों ने पढ़ाई करने जयपुर गई पीड़िता का लगातार पीछा किया और मौका मिलते ही उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपियों ने उसके वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी थी।
विज्ञापन
पुलिस में दर्ज नामजद रिपोर्ट के अनुसार आशीर्वाद उर्फ लक्की शर्मा और उसके दोस्त सुनील मीणा के खिलाफ जयपुर के शिप्रा पथ थाने में गैंगरेप का मुकदमा दर्ज करवाते हुए बताया कि दौसा शहर के रहने वाले लक्की उर्फ आशीर्वाद तथा सुनील मीणा उसके जयपुर रहने के दौरान कई दिनों तक उसका पीछा करते थे और एक दिन दोनों मौका देखकर लड़की को बहला-फुसलाकर कर मानसरोवर इलाके की एक जगह ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया, साथ ही उसका वीडियो भी बना लिया।
पीड़िता की मानें तो इन लड़कों ने वर्ष 2019 में उसके परिजनों के खिलाफ न्यायालय में प्रोटेक्शन प्रार्थना पत्र भी पेश करवा दिया तथा पीड़िता के परिजनों को जान से मारने की धमकी के साथ वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगे और पीड़िता को ब्लैकमेल करके पैसे ऐंठते रहे।
विज्ञापन
पीड़िता द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस अब इन दोनों लड़कों की तलाश में जुटी है लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। शुक्रवार को भी पुलिस ने एक आरोपी के घर दबिश दी थी लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।