मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र के नांदरी गांव में 2 मई को हुई आगजनी के मामले में पुलिस ने चार मुख्य लोगों को गिरफ्तार किया है, साथ ही शेष 26 आरोपियों की तलाश के लिए नांदरी इलाके में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
मामले में प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 अप्रैल को खेत पर चारा लेने गई 6 माह की गर्भवती महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके परिवार वालों ने थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस द्वारा की गई जांच में पता चला कि महिला 27 अप्रैल की रात जगराम मीणा के साथ खेत पर निकली थी और उसके बाद से ही जगराम भी गायब है। 29 अप्रैल को महिला का शव नांदरी गांव के जंगलों में मिलने के बाद पता चला कि महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई है। पुलिस ने मामले में जगराम मीणा को गिरफ्तार कर लिया था।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर 2 मई को पीड़ित पक्ष सहित ग्रामीणों ने एक पंचायत भी बुलाई थी, जिसके बाद 2 मई की रात महिला के परिजनों समेत आक्रोशित भीड़ ने आरोपी जगराम मीणा के घर में पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे 7-8 लोग घायल हो गए।
आगजनी की सूचना पर पहुंची मेहंदीपुर बालाजी पुलिस की सरकारी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। दौसा एसपी रंजीता शर्मा ने बताया कि मामले में 25 नामजद लोगों के साथ 30 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिनमें से कालू मीणा, सीताराम मीणा, नवीन और धोल्याराम मीणा गिरफ्तार कर लिया गया है, शेष 26 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश लगातार जारी है।