दौसा जिला पुलिस द्वारा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी एवं एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत जिले में वांछित और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त अपराधियों की धरपकड़ के लिए दो दिवसीय दबिश एवं तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। जिले के 391 पुलिस कर्मियों के साथ अलग-अलग 130 टीमों द्वारा एक साथ एक ही समय पर की गई दबिश और छापेमारी की कार्रवाई, जिसमें 113 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस द्वारा इस अभियान में अवैध शराब, सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने, आर्म्स एक्ट, उद्घोषित अपराधी, स्थायी वारंटी, भगोड़ा, इनामी अपराधी, 173 (8) सीआरपीसी में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की गई। ऐसे सक्रिय अपराधी जो अवांछित गतिविधियों में लिप्त रहते हैं, क्षेत्र वासियों में भय पैदा करते हैं, हार्डकोर अपराधियों, उद्घोषित अपराधी, स्थाई वारंटी, भगोड़े, इनामी अपराधी, 173 (8) सीआरपीसी में वांछित अपराधी, हिस्ट्रीशीटर, मुकदमों में वांछित अपराधी, मादक पदार्थों, अवैध हथियार, अवैध शराब की तस्करी में लिप्त अपराधियों की गतिविधियों पर लगाम लगाने व सख्त कानूनी कार्रवाई करने के लिए दिनांक 06-07 फरवरी 2024 की सुबह 4.00 बजे से सघन तलाशी, दबिश व छापेमारी की कार्रवाई दौसा पुलिस द्वारा 6 फरवरी को 224 और 7 फरवरी को 160 कुल 384 ठिकानों पर एक साथ की गई। यह कार्रवाई सुव्यवस्थित और गोपनीय तरीके से की गई, ताकि अपराधी एक-दूसरे को सतर्क न कर सकें व सूचना लीक न हो।
दौसा जिला पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने बताया कि अपराधियों का चिन्हीकरण इनके ठिकानों और इनकी गतिविधियों की जानकारी व निगरानी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दौसा एवं समस्त वृत्ताधिकारी जिला दौसा एवं उनकी टीमों द्वारा तैयारी की गई थी। अपराधियों की सूचना संकलन करने के बाद शंकरलाल मीना अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दौसा के निर्देशन में जिले के समस्त वृताधिकारियों के साथ थानाधिकारियों ने अपनी-अपनी टीमों के अपराधियों के ठिकानों पर दबिश देकर तलाशी की।
अभियान के तहत जिले में शांति व्यवस्था कायम रखने, अपराधियों में डर व आमजन में विश्वास कायम रखने, अपराधों पर लगाम लगाना, अपराधियों की सामाजिक प्रतिष्ठा (महिमा मंडन) को क्षति करना, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक का पोस्ट करने व अफवाह फैलाने वाले पर निगरानी, अपराधी के निवास स्थान के क्षेत्रवासियों में सुरक्षा भावना पैदा करना, गैंग अपराधों पर अंकुश लगाना, फायर आर्म्स, अवैध शराब तथा नशे के प्रयोग पर अंकुश लगाना, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के दौरान गिरफ्तार में आए अपराधियों से गहन पूछताछ कर उनकी आपराधिक योजनाओं के बारे में पता लगाकर जिले में गैंगवार की घटनाओं और अपराधों को रोकना है।
जिला कलेक्टर की 39 प्रकरण की उपखंड स्तरीय जनसुनवाई
दौसा जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने गुरुवार को मंडावर में उपखंड स्तरीय जनसुनवाई करते हुये आमजन की समस्याओं का समाधान करते हुये विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनसुनवाई में दर्ज प्रकरणों का तत्परता से निराकरण करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने जनसुनवाई के दौरान एक-एक परिवादियों की परिवेदनाएं धैर्य से सुनी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके स्तर पर होने वाली समस्या का समाधान कर परिवादी को राहत दें। ताकि जनसुनवाई के प्रति लोगों का और अधिक विश्वास बढ़ें।
जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्रस्तुत की गई परिवेदनाओं को प्राथमिकता से लेते हुए उसमें समय पर कार्रवाई करें एवं परिवादी को संतुष्टि प्रदान करें। परिवादियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण स्थानीय स्तर पर ही हो जाए, ताकि आमजन को जिला स्तरीय जनसुनवाई में जाने की जरूरत न पड़े। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने विभाग की योजनाओं से लाभान्वित करवाने के निर्देश दिए। इस जनसुनवाई में 39 प्रकरण दर्ज किये गये, जिनमें राजस्व एवं शहरी निकाय से संबंधित प्रकरण अधिक हैं। इस जनसुनवाई के दौरान एसडीएम मंडावर नीतु करोल सहित अन्य जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।