चंबल नदी के खांचेघटा घाट पर बकरियों को पानी पिलाने ले गए एक चरवाहे को मगरमच्छ नदी में खींच ले गया। व्यक्ति ने शोर मचाकर हाथ-पैर चलाकर मगरमच्छ से बचने का प्रयास किया लेकिन असफल रहा। शोर सुनकर आसपास मौजूद अन्य ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हुए। लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च अभियान चलाकर व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है।
करणपुर थाना के अधिकारी लाल बहादुर ने बताया कि डंगरिया गांव का रहने वाला पशुपालक सरवन कोली (50 साल) जंगल में भेड़ चराने आया था। इस दौरान वह अपनी बकरियों को पानी पिलाने के लिए चम्बल नदी के खांचेघटा घाट पर ले गया। इस दौरान वह भी नदी में हाथ-पैर धोने लगा। इस दौरान वहां पहले से घात लगाकर एक मगरमच्छ छिपा बैठा था। सरवन हाथ धोने में मशगूल था इतने में मगरमच्छ ने हमला करते हुए सरवन को जबड़े में दबोच लिया। इस दौरान सरवन ने बचने के प्रयास में शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग जब तक इकट्ठा हुए तब तक मगरमच्छ सरवन को पानी में खींच ले गया। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। देर शाम तक पुलिस व घड़ियाल सुरक्षाकर्मी व स्थानीय गोताखोर उसकी तलाश में जुटे रहे।