राजस्थान विश्वविद्यालय में मंगलवार को छात्रों ने बीएससी के परिणामों के विरोध में प्रदर्शन किया। छात्रों ने परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप लगाया और विवि प्रशासन से मामले की जांच की मांग की। छात्रों ने पहले विवि में मांगें रखी और फिर उच्च शिक्षा मंत्री को भी ज्ञापन दिया।
दरअसल मंगलवार सुबह छात्र यूनिवर्सिटी के मुख्यद्वार पर जमा हो गए और नारेबाजी करने लगे। छात्रों ने आरोप लगाया कि विवि की ओर से बीएससी की परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के जब परिणाम आए तो छात्र दंग रह गए। परिणामों में छात्रों के उम्मीद से कहीं कम अंक आए हैं।
छात्रों ने आरोप लगाया है कि बीएससी फर्स्ट ईयर में तो 80 फीसदी से ज्यादा विद्यार्थी तो फेल हो गए हैं। ऐसे में सीधे तौर पर उत्तरपुस्तिकाओं कीजांच व विवि की परीक्षा प्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं। विवि इस मामले की जांच जल्द से जल्द करवाएं और परिणामों में सुधार करवाए।
इसके बाद छात्र उच्च शिक्षामंत्री किरण माहेश्वरी के पास भी अपनी गुहार लेकर पहुंचे। छात्रों ने मंत्री को अपना मांग पत्र सौंपा, जिसमें मामले की जांच करवाने की बात कही।