जयपुर जिले के मनोहरपुर थाना पुलिस ने गुरूवार रात को जयपुर से दिल्ली की तरफ जा रहे दिल्ली व हरियाणा के पांच बदमाशों को मनोहरपुर टोल के पास धरदबोचा। दो लग्जरी कारों में सवार होकर आए इन बदमाशों के पास पिस्टल व कारतूस भी मिलना बताया जा रहा है।
जयपुर ग्रामीण एसपी डॉक्टर रामेश्वर सिंह ने बताया कि सात—आठ साल पहले हरियाणा के एक बदमाश को छुड़वाने के लिए वीकेआई क्षेत्र में पुलिस पर हमला किया था जिसमें शहर पुलिस के सिपाही विक्रम सिंह की गोली लगने से मौत हो गई थी। इसी मामले की पेशी के लिए यह गैंग हाईकोर्ट में पेशी पर आई थी। यह हरियाणा के छैलू गैंग के सदस्य बताए जा रहे है जिनके खिलाफ दिल्ली व हरियाणा में भी कई मामले दर्ज है।
जयपुर कमिश्नरेट में डीसीपी क्राइम विकास पाठक के निर्देशन में काम कर रही सीआईयू टीम को सूचना मिली थी कि हरियाणा के कुछ बदमाश हथियार लेकर जयपुर से हरियाणा के लिए निकले है। जानकारी मिलने पर एसपी जयपुर ग्रामीण डॉक्टर रामेश्वर सिंह ने मनोहरपुर पुलिस को नाकाबंदी करवाने के निर्देश दिए। तब मनोहरपुर टोल के पास दोनों लग्जरी कारों को रोक कर तलाशी ली तो पांच लोगों के पास दो पिस्टल व तेरह कारतूस मिले। तब पुलिस ने उनको हिरासत में ले लिया।
पुलिस थाने में हुई पूछताछ में सामने आया कि विश्वकर्मा में पुलिस कांस्टेबल विक्रम सिंह की हत्या के मामले सजायाफ्ता है, जो जमानत पर बाहर चल रहे थे। गुरूवार को इनकी जयपुर हाईकोर्ट में पेशी थी। पेशी से लौटते समय इन्हें पकड़ा गया। पांचों लोगों के पास जो हथियार मिले है उनका जम्मू—कश्मीर का लाइसेंस है उसकी जांच की जा रही है। इन आरोपियों में एक रिटायर्ड फौजी भी शामिल है।