कोटा के खानपुर—बारां मेगा हाइवे पर देर रात एक कार सड़क पर पड़े खंभों से टकरा गई। हादसे में पांच जनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सांगोद के पास खानपुर—बारां मेगा हाइवे पर बीती रात करीब बारह बजे एक कार खानपुर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर पड़े बिजली के खंभे चालक को साफ—साफ दिखाई नहीं दिए और कार उनसे टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पांच—सात फीट उछलकर गिरी। इससे कार में सवार लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इतनी भीषण दुर्घटना देख लोग कार सवार लोगों को बचाने के लिए दौड़े।
काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला, लेकिन चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी को लेकर अस्पताल जा रही थी, इसी दौरान रास्ते में एक अन्य घायल की भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान सहरोद निवासी भोजराज, कमल, हेमन्त, नेमीचंद और पवन के रूप में हुई है।