जयपुर में उपचाराधीन दो कोरोना वायरस संक्रमितों की मौत हो गई जबकि 53 नए मामले मिलने से राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर शनिवार दोपहर तक 1,282 हो गई। राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) रोहित कुमार सिंह ने बताया कि जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती दो संक्रमितों की मौत हो गई है।
उन्होंने बताया कि एसएमएस अस्पताल में भर्ती 76 साल के एक बुजुर्ग और 47 साल के व्यक्ति की मौत हुई है। वह गुर्दे और मधुमेह की बीमारी से पीड़ित थे। इस बीच राज्य में आए 53 नए मामलों में से 27 भरतपुर में, 11 नागौर में, पांच कोटा में, तीन जयपुर में, दो जोधपुर, दो अजमेर और एक-एक बांसवाड़ा, नागौर व जैसलमेर में सामने आया है।
राजस्थान में कोरोना वायरस से संक्रमितों के कुल मामलों में दो इटली के नागरिकों के साथ-साथ 60 वे लोग भी हैं जिन्हें ईरान से लाकर जोधपुर व जैसलमेर में सेना के आरोग्य केंद्रों में ठहराया गया है। राज्यभर में 22 मार्च से लॉकडाउन लागू है और अनेक थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा हुआ है।